400 रन बनाने से सिर्फ 65 रन दूर थे डेविड वॉर्नर लेकिन तभी कप्तान पेन ने कर दी पारी घोषित, अब हो रहे हैं ट्रोल
ABP News Bureau | 01 Dec 2019 12:24 PM (IST)
डेविड वॉर्नर ने जब 300 का आंकड़ा पार कर लिया था तो सभी को यकीन था कि वो टेस्ट में 400 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बन जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और कप्तान टिम पेन ने पारी घोषित कर दी.
ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच एडिलेड में चल रहे दूसरे टेस्ट का दूसरा दिन पूरी तरह सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर के नाम रहा. वॉर्नर ने यहा 335 रनों की शानदार पारी खेली और ऑस्ट्रेलिया की तरफ से 7वें ऐसे बल्लेबाज बन गए जिन्होंने तीहरा शतक जड़ा. इस दौरान अंत तक पाकिस्तान का एक भी बल्लेबाज उन्हें आउट नहीं कर पाए और वो 335 रनों पर नाबाद रहे. ऑस्ट्रेलिया ने पहले इनिंग्स में 3 विकेट खोकर 589 रन बना लिए हैं जहां पाकिस्तान की टीम दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अभी भी 493 रनों से पीछे चल रही है. डेविड वॉर्नर ने जब 300 का आंकड़ा पार कर लिया था तो सभी को यकीन था कि वो टेस्ट में 400 रन बनाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज भी बन जाएंगे लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और कप्तान टिम पेन ने पारी घोषित कर दी. कुछ फैंस के लिए ये झटका जैसा था. पेन ने जब पारी घोषित की तब डेविड वार्नर 335 रनों पर नाबाद थे और टीम का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 589 रन था. पेन की इस घोषणा ने वार्नर से 400 रन बनाने का मौका छीन लिया. इस पर सोशल मीडिया पर पेन की काफी आलोचना की जा रही है. एक यूजर ने लिखा, "टिम पेन भाई मैं इस बात का कोई कारण नहीं ढूंढ पा रहा हूं कि आपने क्यों डेविड वार्नर को 400 रन बनाने से महरूम कर दिया. सिर्फ 127 ओवर हुए थे और साढ़े तीन दिन का खेल बचा था. आस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज में बढ़त लिए हुए हैं. अगर पाकिस्तान 350 भी बना लेती तो आपको दोबारा बल्लेबाजी का मौका मिलता. भाई आपके बिना आस्ट्रेलिया ने किया खोया है." एक और यूजर ने पेन के इस फैसले को दुखद बताया है, "टिम पेन ने एक खिलाड़ी के जीवन में आने वाले एक मात्र और सबसे बड़े मौके को छीन लिया. अगर डेविड वार्नर विकेट पर 10-11 ओवर और रहते तो वह आसानी से ब्रायन लारा के रिकार्ड तो तोड़ देता." एक अन्य यूजर ने लिखा, "यह आस्ट्रेलिया के लिए आसान जीत होने वाली है.. निश्चित टिम पेन किसी चीज को लेकर ईष्या कर रहे होंगे. वह जानते थे कि अगर वह पारी को आगे बढ़ाते हैं तो वार्नर 370-380 तक पहुंच जाएंगे और फिर इसके बाद पारी घोषित करना ठीक नहीं होगा." एक और प्रशंसक ने लिखा कि पेन को ड्रिंक्स ब्रेक में वार्नर को बता देना चाहिए था कि वह अपने 400 रन पूरे कर लें. उन्होंने लिखा, "टिम पेन को 10 ओवर और इंतजार करना चाहिए था. उन्हें ड्रिंक्स ब्रेक में वार्नर को संदेश भेज देना चाहिए था कि वह जल्दी अपने 400 पूरे कर लें."