बेंगलुरू: कर्नाटक के प्रतिभावान सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल को खुशी है कि नये कोच अनिल कुंबले ने राष्ट्रीय टीम के सदस्यों को अधिकार देने का फैसला किया है जिससे कि वे अपने फैसले स्वयं कर सकें.

चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम में शामिल राहुल फिलहाल कुंबले के मार्गदर्शन में नेशनल क्रिकेट अकादमी में अनुकूलन शिविर में हिस्सा ले रहे हैं.

राहुल ने ‘BCCI TV’ से कहा, ‘‘हमारी उनके (कुंबले) साथ बात हुई है और उन्होंने कुछ चीजों पर जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह लड़कों को स्वयं फैसले करने देंगे. जब हमें कोई परेशानी होगी या कुछ जानकारी लेनी होगी तो हम उनके पास जा सकते हैं. यह शानदार ढांचा है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘अनिल कुंबले जैसे महान खिलाड़ी के मेंटर और कोच के रूप में टीम से जुड़ने से हमारे जैसी युवा टीम को काफी मजबूती मिलेगी. वह हमारे साथ उन अनुभवों को साझा कर रहे हैं जो उन्हें अपने क्रिकेट करियर के दौरान हुए.’’ 

आस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ शतकों सहित पांच टेस्ट में 256 रन बनाने वाले राहुल ने कहा, ‘‘वह ऐसे व्यक्ति हैं जिन्हें क्रिकेट का काफी ज्ञान है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने काफी समय बिताया है. वह हमारे लिए आदर्श व्यक्ति हैं जिनसे हम सीख ले सकते हैं. हम अनिल कुंबले के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं और निजी तौर पर और टीम के रूप में बेहतर होना चाहता हूं.’’

जिंबाब्वे से वनडे सीरीज के सफल दौरे के बाद राहुल को एक हफ्ते का ब्रेक मिला जिस दौरान उन्होंने अपने घर में समय बिताते हुए आराम किया. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कुछ दिनों का ब्रेक मिला और मैंने घर में कुछ समय बिताया. यह मेरे लिए अच्छा ब्रेक था. यह दुर्भाग्यशाली रहा कि मौसम हमारे पक्ष में नहीं रहा और हम प्रैक्टिस नहीं कर पाए. लेकिन हमने इंडोर में कुछ घंटे बिताये और कुछ प्रैक्टिस करने का प्रयास किया. ’’ टेस्ट क्रिकेट में दो शतक जड़ने वाले राहुल कैरेबिया के अपने पहले दौरे को लेकर बेताब हैं.

उन्होंने कहा, ‘‘टेस्ट क्रिकेट हमेशा बाकी प्रारूपों से अधिक चुनौतीपूर्ण होता है और हम टेस्ट खेलने का लुत्फ उठाते हैं. मुझे टेस्ट क्रिकेट खेले काफी समय (पिछला टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ अगस्त 2015 में) हो गया है और एक बार फिर सफेद कपड़े पहनने पर मुझे खुशी होगी.’’

राहुल ने कहा, ‘‘हम पहले टेस्ट से पूर्व अगले दो से तीन हफ्तों का अच्छा इस्तेमाल करना चाहेंगे. हमें कुछ प्रैक्टिस मैच खेलने हैं और इसलिए हमारे पास काफी समय है. हम समय का सर्वश्रेष्ठ इस्तेमाल करते हुए अच्छी तैयारी करेंगे.’’