नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम की ओपनर बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना को वुमेन्स बिग बैश लीग के दूसरे सीज़न के लिए ब्रिसबेन्स हीट टीम ने साइन कर लिया है. बीते मंगलवार को खुद टीम के फ्रेंचाइजी ने इस बारे में जानकारी दी. डबल्यूबीबीएल की टीम में चुने जाने के साथ ही स्मृति इस लीग में चुनी जाने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी भी बन गई हैं.
बिग बैश की टीम में चुने जाने के बाद स्मृति मंधाना ने कहा कि 'अच्छा होता अगर एक से दो और भारतीय महिला खिलाड़ी भी बिग बैश लीग से जुड पाती. भारतीय महिला क्रिकेट को इससे बहुत फायदा होगा.'
बिग बैश लीग की टीम में चुने जाने के बाद एक मशहूर क्रिकेट वेबसाइट से बात करते हुए स्मृति ने कहा, 'बिग बैश का हिस्सा होना एक अलग अनुभव है.' स्मृति ने कहा, 'मैं हमेशा से इस मशहूर क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलना चाहती थी और अब इतनी कम उम्र में मिले इस मौके का मैं पूरा फायदा उठाना चाहूंगी जो कि भविष्य में मेरी मदद करेगा.'
मुंबई की रहने वाली स्मृति मंधाना की उम्र 20 साल है और उन्होंने भारत के लिए 2 टेस्ट और 20 वनडे मुकाबले खेले हैं. वनडे में उन्होंने एक शतक और 32 के औसत के साथ 645 रन बनाए हैं. वहीं टेस्ट में उनके नाम एक अर्धशतक शामिल है.
स्मृति मंधाना इसी साल भारत में हुए महिला टी-20 विश्व कप क्रिकेट टुर्नामैंट में भी भारतीय महिला टीम का अहम हिस्सा थी. स्मृति के पसंदीदा खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि सचिन तेंदुलकर ही हैं.
उनसे पहले भारत की हरमनप्रीत कौर बिग बैश टी-20 लीग से जुडने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थी. उन्होंने पिछले साल की चैंपियन सिडनी थंडर्स के साथ एक साल का अनुबंध किया था. वह 2016-17 के सत्र में बीबीएल में खेलती नज़र आएंगी.