नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने यो-यो टेस्ट पास कर लिया है. इंग्लैंड दौरे से पहले क्रिकेटरों के फिटनेस स्तर जांचने के लिए बीसीसीआई द्वारा कराए गए यो-यो टेस्ट में लगभग हर बड़े नाम ने पास कर लिए थे लेकिन रोहित शर्मा का टेस्ट होना बचा था.

रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर पोस्ट करते हुए इस बात की जानकारी दी और लिखा, 'यो-यो टेस्ट पूरा, जल्द ही आयरलैंड दौरे पर.'

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद बैंगलुरु के नेश्नल क्रिकेट एकेडमी में भारतीय क्रिकेटरों का यो-यो टेस्ट किया गया था जिसमें लगभग हर खिलाड़ी पास हो गए लेकिन रोहित शर्मा पहले राउंड में इसे पास करने में असफल रहे थे.

आपको बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान भी रोहित दो बार इस टेस्ट में फेल हुए थे. जिसके बाद वो छुट्टी मनाने अमेरिका और रूस चले गए.

इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर टीम में शामिल विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन यो-यो टेस्ट में फेल होने के बाद इंडिया ए टीम से बाहर हुए तो वहीं अंबाटी रायुडू इस टेस्ट में फेल होकर वनडे सीरीज से बाहर हो गए. रायुडू के फेल होने के बाद सुरेश रैना की वनडे टीम में वापसी हुई.

भारतीय टीम मैनेजमेंट नें हर खिलाड़ी के टीम से खेलने के लिए यो-यो टेस्ट में पास होना अनिवार्य कर दिया है. भारत ने इसके लिए जो मापदंड रखे हैं उसके हिसाब से इस टेस्ट को पास करने के लिए हर खिलाड़ी को 16.1 के प्वाइंट को छूना ही होगा.