नई दिल्लीः जिम्बाब्वे दौरे पर शानदार खेल दिखाने वाले टीम इंडिया के नए खिलाड़ियों के लिए टीम में अपनी जगह पक्की करना आसान नहीं रहने वाला. फिर चाहे वो के एल राहुल हो यो फिर स्पिनर यजुवेंद्र चहल. अब टीम इंडिया को सितंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है जहां सभी सीनियर खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध होंगे. ऐसे में सभी जूनियर खिलाड़ी टीम से बाहर हो जाएंगे.

टीम इंडिया का बैटिंग ऑर्डर को देखें तो किसी भी नए चेहरे के लिए कोई जगह नजर नहीं आती. सलामी बल्लेबाजी के लिए शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी है. ऐसे में राहुल और फैज फजल को इंतजार करना होगा. 

नंबर तीन पर विराट कोहली बल्लेबाजी करेंगे इसलिए अंबाटी रायडू भी बाहर बैठेंगे. नंबर चार पर अजिंक्य रहाणे बल्लेबाजी करेंगे. रैना के वनडे टीम से बाहर होने के बाद नंबर पांच पर मनीष पांडे खेलते हैं. नंबर 6 पर खुद कप्तान धोनी बल्लेबाजी के लिए आते हैं. 

  

स्पिनर्स में जिम्बाब्वे में खेले यजुवेंद्र चहल और अक्षर पटेल को भी अगली सीरीज में जगह नहीं मिलेगी क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ अगली वनडे सीरीज में आर अश्विन और रवींद्र जाडेजा टीम में वापसी करेंगे.

तेज गेंदबाजों में धवल कुलकर्णी और बरिंदर सरन का अगली सीरीज में खेलना नामुमकिन लगता है क्योंकि न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी खेलेगी. वहीं मोहम्मद शमी और उमेश यादव भी टीम का हिस्सा होंगे.

साफ है जिम्बाब्वे में रन बनाकर और विकेट लेकर भी नए खिलाड़ियों का टीम इंडिया में जगह पक्की करने का सपना फिलहाल पूरा नहीं होने वाला है.