भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन भारतीय टीम ने लंच तक अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है. पहले दक्षिण अफ्रीकी टीम को 431 रनों पर समेटने के बाद भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 35 रन बना लिए हैं. जिससे टीम इंडिया की कुल बढ़त 106 रनों की हो गई है. आज खेले गए चौथे दिन की शुरुआत दक्षिण अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 385 रनों से की. दक्षिण अफ्रीका के पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने स्कोर को 400 रनों के पार पहुंचाया. अंत में मुथुस्वामी ने अकेले दम पर टीम को 431 रनों तक पहुंचाया लेकिन अंत में अश्विन ने रबाडा को 15 रनों के स्कोर पर आउट कर मेहमान टीम को इसी स्कोर पर आल-आउट किया. दक्षिण अफ्रीका की पारी 431 रनों पर सिमटने के बाद भारतीय टीम को कुल 71 रनों की बढ़त मिली. इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी के लिए उतरी भारतीय टीम के लिए एक बार फिर से रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने शुरुआत दिलाई. लेकिन पिछली पारी के दोहरे शतकवीर इस पारी में नहीं चल सके. मयंक अग्रवाल दूसरी पारी में 7 रन बनाकर केशव महाराज की गेंद पर चकमा खा गए. मयंक अग्रवाल के विकेट के बाद चौथे दिन लंच तक भारतीय टीम को कोई और झटका नहीं लगा. रोहित शर्मा ने चेतेश्वर पुजारा के साथ मिलकर टीम को 35 रनों तक पहुंचा दिया है, जबकि टीम इंडिया की कुल बढ़त 106 रनों की हो गई है. इससे पहले इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए अपनी पहली पारी में विशाल 502 रन बनाए थे.