IPL ने भारतीय क्रिकेट को बदलकर रख दिया: शाहिद अफरीदी
ABP News Bureau | 23 Feb 2020 05:48 PM (IST)
अफरीदी ने कहा कि आईपीएल ने क्रिकेट को जिस तरह से बदला है मुझे लगता है कि पीएसएल भी ठीक इसी तरह से पाकिस्तान के क्रिकेट को बदलकर रख देगा.

पाकिस्तान के ऑल राउंडर शाहिद अफरीदी ने भारतीय क्रिकेट को शानदार बताया है जिसका श्रेय उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग यानी की आईपीएल को दिया है. अफरीदी ने कहा कि आईपीएल ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों को दबाव झेलना और इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करना सिखाया है. उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि आईपीएल ने भारतीय क्रिकेट को बदलकर रख दिया. नए खिलाड़ियों ने आईपीएल में विदेश के टॉप खिलाड़ियों के साथ खेला और उनके साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया. ऐसे में अब ये सभी खिलाड़ी इस लेवल पर पहुंच चुके है जिससे वो प्रेशर को झेल सकें. उन्होंने आगे कहा कि, ''आईपीएल ने क्रिकेट को जिस तरह से बदला है मुझे लगता है कि पीएसएल भी ठीक इसी तरह से पाकिस्तान के क्रिकेट को बदलकर रख देगा. फिलहाल हम ये देख सकते हैं कि लीग से पाकिस्तान को कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हासिल हो रहे हैं. जब आप उनके साथ और इंटरनेशनल के टॉप खिलाड़ियों के साथ खेलते हैं आपके पास इस चीज का अनुभव आ जाता है कि आप क्राउड को कैसे हैंडल करेंगे.'' अफरीदी ने कहा कि सेलेक्टर्स को डोमेस्टिक क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौका देना चाहिए और उन्हें आगे लेकर आना चाहिए. लेग स्पिनर ने आगे कहा कि वो जब तक फिट और अच्छा प्रदर्शन करेंगे तब तक वो खेलते रहेंगे.