नई दिल्ली: बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट की क्लीनचिट के बाद तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में शामिल कर लिया गया है. इस क्लीनचिट के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स ने भी शमी का अपनी टीम में स्वागत किया है. डेयरडेविल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंत दुआ ने ट्वीट के जरिए शमी की टीम में वापसी की पुष्टि की है.

दुआ ने लिखा, "इस बात का ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट ने शमी को क्लीनचिट दे दी है और अब वह आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से खेलेंगे."

बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट ने शमी की पत्नी हसीन जहां द्वारा लगाए गए मैच फिक्सिंग के आरोपों की जांच में शमी को निर्दोष पाया है. इसके बाद सीओए ने बीसीसीआई से शमी को ग्रेड-बी के तहत केंद्रीय अनुबंध में शामिल करने को कहा है.