बेहतरीन फॉर्म में चल रहे मयंक अग्रवाल की शतकीय पारी की बदौलत इंडिया ए ने ट्राई सीरीज के चौथे मुकाबले में इंग्लैंड लॉयन्स के सामने जीत के लिए 310 रनों का लक्ष्य रखा है. मयंक के अलावा शुबमन गिल(72) और हनुमा विहारी(69) के अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत 6 विकेट पर 309 रन बनाए. मयंक ने लगातार दूसरे दिन शतकीय पारी खेली. मंगलवार को खेले गए टीम के दूसरे मैच में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 112 रनों की पारी खेल टीम को सात विकेट से जीत दिलाई थी.

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया. इस मैच में उन्होंने पृथ्वी शॉ को बाहर रखा और मयंक के साथ गिल को सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतारा. दोनों ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 28.2 ओवर में 165 रन बनाए. शुबमन गिल पहले विकेट के रूप में पवेलियन लौटे. गिल के जाने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हुनमा विहारी ने पारी को उसी अंदाज में आगे बढ़ाया. इस बीच 104 गेंद पर 112 रन बनाने के बाद मयंक दूसरे विकेट के रूप में पवेलियन लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और 4 छक्के लगाए.

207 पर दूसरा विकेट गिरने के बाद इंडिया ए को तीसरा और चौथा झटका जल्द लग गया. ऋषभ पंत एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में असफल रहे और सिर्फ 7 रन जोड़कर पवेलियन लौट गए. कप्तान अय्यर भी 6 रन ही बना सके. लेकिन फिर विहारी ने दीपक हुड्डा(33) के साथ मिल कर टीम को 300 के पार पहुंचाया. दोनों पारी के अंतिम दो गेंद पर आउट हुए.

इंग्लैंड की ओर से फिशर और बर्नार्ड ने दो-दो विकेट लिए जबकि मुलानी को एक सफलता मिली. भारत का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ.

मयंक अग्रवाल के पिछली चार पारी की बात करें तो उन्होंने प्रैक्टिस मैच में नाबाद 151 रन के आलावा 23 और दो 112 रनों की पारी खेली है.