नई दिल्लीः आज हरारे में जब टीम इंडिया तीसरा वनडे मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी तो कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के मन में बस एक ही बात चल रही होगी. और वो है विदेशी जमीन पर वो कमाल करने की जो उन्होंने अपनी कप्तानी में आज तक नहीं किया. तीसरे वनडे में धोनी के पास एक तीर से दो शिकार करने का मौका होगा.

खत्म होगा इंतजार.. धोनी करेंगे धमाल !

वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त के बाद अब धोनी का मिशन है क्लीन स्वीप. 

इस मौके का इंतजार धोनी पिछले 9 साल से कर रहे हैं. बतौर कप्तान माही के लिए विदेश में वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप का ये पहला मौका है. 

इससे पहले धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने सिर्फ 2 बार कोई वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया था. साल 2008 और 2011 में धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 5-0 से हराया था. लेकिन ये दोनों ही कामयाबी भारत में मिली. 

विदेशी जमीन पर धोनी पहली बार क्लीन स्वीप की उम्मीद कर रहे हैं. वहीं उनके खिलाड़ी भी धोनी को ये तोहफा देने के मूड में है. 

बड़े मुकाबले से पहले टीम के भरोसेमंद खिलाड़ी अंबाती रायडू ने कहा - जब आप भारतीय टीम की जर्सी पहनते हैं तो ये मायने नहीं रखता कि आप किस टीम के खिलाफ खेल रहे हैं. मेरी तरह सब यही चाहते हैं कि हम से सीरीज 3-0 से जीते

तीसरा वनडे अपने नाम करते ही धोनी दुनिया के सबसे ज्यादा वनडे मैच जीतने वाले दूसरे कप्तान भी बन जाएंगे और 107 जीत के साथ एलन बॉर्डर की बराबरी कर लेंगे.

धोनी की कप्तानी में ये टीम इंडिया की वनडे में 23वीं सीरीज जीत है. वो सबसे ज्यादा सीरीज जीतने वाले भारतीय कप्तान हैं.