नई दिल्ली: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज़ के बीच जारी दूसरे टेस्ट मुकाबले के पहले दिन बेन स्टोक्स के शतक के बावजूद इंग्लैंड की टीम 258 रन बनाकर ऑल-आउट हो गई. इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज़ की टीम 19 रन पर 1 विकेट गंवाकर खेल रही है. 

वेस्टइंडीज़ के साथ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया. लेकिन ये फैसला उस वक्त गलत साबित हो गया जब कीमर रोच और शेनन गबरैल की तेज़ रफ्तार गेंदों ने इंग्लैंड के बल्लेबाज़ों को चारों खाने चित कर दिया. 

इंग्लैंड को दिन के पहले सेशन में ही ओपनर एलिस्टर कुक, वेस्टले, स्टोनमैन और मलान के बड़ा झटके लगे. खेल की शुरूआत में सबसे पिछले मैच के हीरो एलिस्टर कुक गबरैल की गेंद पर 11 रन बनाकर चलते बने. इसके बाद बल्लेबाज़ी करने आए वेस्टले को कीमर रोच ने जमने का मौका ही नहीं दिया और 3 रन के स्कोर पर एलबीडबल्यू आउट कर दिया. इसके बाद स्टोनमैन(19 रन) और मलान(8 रन) भी ज्यादा कमाल नहीं दिखा सके और अपने-अपने विकेट गंवा बैठे. 

लेकिन टीम लंच के बाद भी नहीं संभली और निरंतर अंतराल में विकेट गंवाती रही. हालांकि एक छोर को बेन स्टोक्स ने संभाले रखा और महज़ 124 गेंदों पर 17 चौकों के साथ शानदार 100 शतक लगाया. मडिलि ओवर्स में कप्तान जो रूट ने स्टोक्स का कुछ साथ निभाया और अपना अर्धशतक पूरा किया. लेकिन दोनों बल्लेबाज़ों के बीच हुई 69 रनों की साझेदारी के बाद देवेन्द्र बिशू ने रूट को 59 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट कर दिया. 

निचले क्रम में मोईन अली और क्रिस वोक्स की मदद से इंग्लैंड की टीम 250 रनों के आंकड़े के पार पहुंच पाई लेकिन उसके बाद टीम 258 रन के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई. 

कीमर रोच ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए महज़ 71 रन देकर 4 विकेट चटकाए. जबकि शेनन गबरेल ने भी 51 रन देकर 4 हासिल किए. इसके अलावा जेसन होल्डर और देवेन्द्र बिशू ने 1-1 विकेट चटकाया. 

258 रनों के जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी वेस्टइंडीज़ की शुरूआत भी खराब रही और टीम ने 5 रन के निजी स्कोर पर कीरन पॉवेल का विकेट गंवा दिया. दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज़ ने 19 रन के स्कोर पर 1 विकेट गंवाया.