ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ होने वाली टी 20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने टीम का एलान कर दिया है. 14 सदस्यीय टीम में कुरेन भाईयों को एक साथ मौका मिला है. यह 1999 के बाद पहला मौका होगा जब दो भाई एक ही समय में इंग्लैंड के लिए मैच खेलेंगे. इससे पहले, बेन होलियोक और एडम होलियोकने 1999 में श्रीलंका के खिलाफ सिडनी में इंग्लैंड के लिए मैच खेला था.

चोटिल बेन स्टोक्स को टीम में शामिल नहीं किया गया है लेकिन वो पूरे सीरीज टीम के साथ रहेंगे. ऐसे में कुरेन भाईयों के एक साथ खेलने की पूरी संभावना दिख रही है.

20 साल के सैम टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में अपना डेब्यू करेंगे. उन्होंने इंग्लैंड के लिए अब तक एकमात्र टेस्ट मैच खेला हैं. वहीं 23 साल के टॉम ने इंग्लैंड के लिए अब तक छह टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं.

कुरेन बंधुओं के अलावा जो रूट की वापसी हुई है. रूट ने अपना आखिरी टी-20 अंतर्राष्ट्रीय मैच सितंबर 2017 में खेला था. रूट के अलावा मोइन अली, जॉनी बेयरस्टो और जेक बॉल को भी टीम में मौका दिया गया है. तेज गेंदबाज मार्क वुड को आराम दिया गया है.

स्टोक्स सीरीज के समय अपना रिहेबिलिटेशन करेंगे. क्रिस वोक्स भी चोट के चलते सीरीज में नहीं खेल पाएंगे. वहीं सैम बिलिंग्स, डेविड मलान, लियाम डॉसन और जेम्स विंस को 14 सदस्यीय टीम से बाहर रखा गया है. इंग्लैंड ने पिछले 10 टी-20 मैचों में केवल तीन में जीत दर्ज की है. ऐसे उसके लिए ये सीरीज आसान नहीं होने वाली है.

इंग्लैंड को 27 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एजबेस्टन में एकमात्र टी-20 मैच खेलना है. इंग्लिश टीम फिर इसके बाद तीन से आठ जुलाई तक भारत की साथ तीन मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी.

टीम- इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोनाथन बेयरस्टो, जेक बाल, जोस बटलर, सैम कुरेन, टॉम कुरेन, एलेक्स हेल्स, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लेंकट, आदिल राशिद, जो रूट, जेसन रॉय, डेविड विले.