एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में यो-यो टेस्ट का कहर देखने को मिल रहा है. इंग्लैंड दौरे से पहले क्रिकेटरों के फिटनेस स्तर जांचने के लिए बीसीसीआई द्वारा कराए गए यो-यो टेस्ट में लगभग हर बड़े नाम तो पास हो गए लेकिन कुछ खिलाड़ी इसे पूरा नहीं कर पाए. विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन इंडिया ए टीम से बाहर हुए तो वहीं अंबाटी रायुडू इस टेस्ट में फेल होकर वनडे सीरीज से बाहर हो गए. रायुडू के फेल होने के बाद सुरेश रैना को वनडे टीम में वापसी हुई. इन दो खिलाड़ियों के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा इस टेस्ट में फंसते दिख रहे हैं.
भारतीय टीम मैनेजमेंट नें हर खिलाड़ी के टीम से खेलने के लिए यो-यो टेस्ट में पास होना अनिवार्य कर दिया है. भारत ने इसके लिए जो मापदंड रखे हैं उसके हिसाब से इस टेस्ट को पास करने के लिए हर खिलाड़ी को 16.1 के प्वाइंट को छूना ही होगा.
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद बैंगलुरु के नेश्नल क्रिकेट एकेडमी में भारतीय क्रिकेटरों का यो-यो टेस्ट किया गया जिसमें लगभग हर खिलाड़ी पास हो गए. लेकिन रोहित शर्मा फंस गए. पहले राउंड में रोहित इसे पास करने में असफल रहे. इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान भी रोहित दो बार इस टेस्ट में फेल हुए थे. जिसके बाद वो छुट्टी मनाने अमेरिका और रूस चले गए.
रहाणे की हो सकती है वापसीखबरों की मानें तो बोर्ड ने टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे को तैयार रहने को कहा है, रिपोर्ट के मुताबिक अगर रोहित शर्मा मंगलवार को होने वाले यो-यो टेस्ट में फिर से फेल हो जाते हैं तो उनकी जगह अजिंक्य रहाणे की टीम में वापसी हो सकती है. ब्रिटेन दौरे में होने वाले टी 20 और वनडे सीरीज में रहाणे का नाम नहीं था लेकिन अगर रोहित फेल हुए तो वो टीम में बतौर सलामी बल्लेबाज वापसी कर सकते हैं.
पहले टेस्ट फिर चयनबोर्ड और टीम के लिए उस वक्त स्थिति काफी असहज हो जाती है जब कोई खिलाड़ी टीम में चयनित होने के बाद यो-यो टेस्ट में फेल हो जाता है. ऐसे में बोर्ड को फेल हुए खिलाड़ी की जगह किसी नए खिलाड़ी को टीम में रखना पड़ता है. इसे देखते हुए अब बीसीसीआई ने फैसला किया है कि टीम के चयन से पहले खिलाड़ियों का फिटनेस लेवल नापा जाएगा ताकि बाद में कोई परेशानी न हो. हाल के समय में अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से पहले मोहम्मद शमी इस टेस्ट में फेल हो गए थे जिनकी जगह युवा खिलाड़ी नवदीप सैनी को टीम में चुना गया. शमी के बाद रायुडू दूसरे खिलाड़ी बने जो आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन कर टीम में वापसी करने में तो सफल रहे लेकिन फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए.
