नई दिल्ली: सूखाग्रस्त महाराष्ट्र से आईपीएल के बाहर शिफ्ट करने के बंबई हाई कोर्ट के आदेश के बाद दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने पुणे में होने वाले दो आईपीएल प्लेऑफ मैचों की मेजबानी की पेशकश की. 

बंबई हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र में 30 अप्रैल के बद होने वाले सभी आईपीएल मैचों को स्थानान्तरित करने के लिये कहा है. इन मैचों की संख्या 13 है. डीडीसीए के उपाध्यक्ष सी के खन्ना ने आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला से पुणे में होने वाले प्लेऑफ मैचों की मेजबानी की इच्छा जतायी है. खन्ना ने शुक्ला को संबोधित किये गये बयान में कहा, ‘‘डीडीसीए की तरफ से मैं पेशकश करता हूं कि हमारा संघ आईपीएल के प्लेऑफ मैचों की मेजबानी के लिये तैयार है. यदि इन मैचों को स्थानान्तरित करके हमें मेजबानी सौंपी जाती है तो हम आईपीएल में अपने सर्वश्रेष्ठ सहयोग का आश्वासन देते हैं. ’’ 

क्रिकेट बोर्ड के पास 13 मैचों के लिये नए मैच स्थलों का चयन करने के लिये 18 दिन क समय है. इन 13 मैचों में मुंबई में 29 मई को होने वाला फाइनल भी शामिल है.