नई दिल्लीः जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप के बाद टीम इंडिया अब टी 20 में जीत का नया रिकॉर्ड बनाने के करीब है. धोनी की कप्तानी में विदेशी जमीन पर पहली बार क्लीन स्वीप करने वाली टीम इंडिया टी 20 में एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है. लेकिन इसके लिए कप्तान धोनी को वनडे की कहानी दोहरानी होगी.
टीम इंडिया अगर टी 20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने में सफल रहती है तो वो टी 20 की तीसरी सबसे बड़ी टीम बन जाएगी और एक साथ तीन टीमों को पीछे छोड़ देगी. टी 20 में सबसे अधिक मैच जीतने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम है. पाकिस्तान ने 106 टी 20 में 60 मुकाबलों में जीत हासिल की है जबकि दूसरे नंबर पर 91 मैच में 54 जीत के साथ साउथ अफ्रीका की टीम है.
सबसे ज्यादा टी 20 जीतने में तीसरे नंबर की टीम को लेकर जंग जारी है. टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में क्लीन स्वीप और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद टी 20 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचते हुए अपनी जीत के सिलसिले को 44 मैच तक पहुंचा दिया. धोनी अगर एक बार फिर वनडे सीरीज की कहानी दोहराते हैं तो वो जीत के मामले में तीसरे नंबर पर पहुंच जाएंगे.
टीम इंडिया ने अब तक खेले गए 73 टी 20 मुकाबलों में 44 में जीत हासिल की है, जबकि ऑस्ट्रेलिया को 44 जीत के लिए 88 मुकाबले खेलने पड़े. दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड और श्रीलंका की टीम है. दोनों टीमों के खाते में 46 जीत दर्ज है. हालांकि श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के 93 मैचों की तुलना में 9 मैच कम खेले हैं.
अब टीम इंडिया के पास सुनहरा मौका है कि वो तीनों मैच जीत कर 76 मैच में 47 जीत के साथ टी 20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली तीसरी टीम बन जाए. आपको बता दें कि जीत और हार के अंतर को देखें तो 61% जीत हार के अंतर के साथ टीम इंडिया पहले ही नंबर वन बन चुकी है.
