नई दिल्ली: टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे दौरे पर जीत के साथ आगाज किया है. इस दौरे पर कप्तान धोनी के साथ कई युवा खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर लगी है. हाल ही में आए कई बयानों से वनडे टीम के कप्तान धोनी की कप्तानी को लेकर कई तरह की अटकले लगाई जा रही हैं. धोनी के हालिया प्रर्दशन भी कुछ खास नहीं रहा है. आईपीएल सीजन में भी वह अपने रंग में नहीं दिखे थे. ऐसे में धोनी के लिए जिम्बाबे दौरा काफी अहम होने वाला है. इसके साथ ही धोनी के पास एक नया कीर्तिमान छूने का भी सुनहरा अवसर है.

जिम्बाब्वे दौरे पर कप्तान धोनी के नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है. धोनी वनडे में 8918 रन बना चुके हैं. वो 9000 रन से 82 रन दूर हैं. अगर वो इस आंकड़े को छू लेते हैं तो वे वनडे में ऐसा करने वाले 5वें भारतीय होंगे.

इससे पहले सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, अजहरुद्दीन और राहुल द्रविड़ ने वनडे में ये आंकड़ा छुआ है. दूसरी ओर, धोनी इस आंकड़े को छूने वाले दुनिया के तीसरे और भारत के पहले विकेटकीपर बल्लेबाज भी बन जाएंगे. धोनी से पहले श्रीलंका के कुमार संगाकारा और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट इस मुकाम तक पहुंच सके हैं.

धोनी जिम्बाब्वे दौरे पर टीम इंडिया के सबसे अनुभवी खिलाड़ी है. धोनी को छोड़कर बाकी 9 खिलाड़ियों ने अपने करियर में अब तक 83 वनडे खेले हैं. जबकि धोनी ने कुल 275 वनडे खेले हैं. इस तरह धोनी के पास बाकी खिलाड़ियों के मुकाबले 192 ज्यादा वनडे खेलने का अनुभव है.