ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पेन का खुलासा- नींद की समस्या से गुजर रहे हैं स्मिथ
ABP News Bureau | 28 Nov 2019 10:11 PM (IST)
स्मिथ पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में चार रन बनाकर आउट हो गए थे. स्मिथ की नज़र दूसरे टेस्ट में बड़ा स्कोर बनाने पर होगी.

AUS Vs PAK: ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट की सीरीज का दूसरा मैच शुक्रवार को खेला जाना है. दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन ने खुलासा किया है कि नंबर 1 टेस्ट बल्लेबाज स्मिथ नींद की समस्या से गुजर रहे हैं. पेन ने बताया कि स्मिथ अपनी नींद की समस्या को दूर करने पर काम कर रहे हैं. पेन ने कहा, "मैं जानता हूं कि वे (स्मिथ) इस समय क्रिकेट आस्ट्रेलिया की मदद ले रहे हैं, ताकि नींद की इस बीमारी को सुलझाया जा सके. लेकिन मुझे यकीन है कि स्टीव खुद को रिलैक्स रखते हुए इस समस्या को सुलझा लेंगे." स्मिथ पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कुछ ज्यादा खास नहीं कर पाए थे. उन्होंने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में केवल चार रन ही बना पाए थे. अपने इस प्रदर्शन से नाखुश होकर स्मिथ ने खुद को एक अनोखी सजा दी थी. अपने इस खराब प्रदर्शन की सजा के तौर पर उन्होंने ब्रिस्बेन के स्टेडियम से टीम के होटल तक की करीब तीन किलोमीटर की दूरी पैदल चलकर तय की थी. स्मिथ ने कहा था, "जब मैं रन नहीं बना पाता हूं तो हमेशा अपने आप को सजा देता हूं. मैच में रन स्कोर करने और शतक पूरा करने पर जिस तरह से मैं खुद को चॉकलेट बार के रूप में इनाम देता हूं, उसी तरह रन नहीं बना पाने पर मैं अपने आप को सजा भी देता हूं." दुनिया के नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज ने कहा था, "इसलिए हां, अगर मैं रन नहीं बना पाता हूं तो मैं हमेशा दौड़ना पसंद करता हूं, जिम जाना पसंद करता हूं या फिर कुछ ऐसा करता हूं, जिससे मैं खुद को सजा दे सकूं." शुक्रवार को दोनों टीमों के बीच खेला जाने वाला मुकाबला डे नाइट टेस्ट मैच होगा. स्मिथ इस समय टेस्ट क्रिकेट में नंबर वन बल्लेबाज हैं. हालांकि अगर वह दूसरे टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं तो उन्हें आईसीसी रैंकिंग में नंबर वन का ताज विराट कोहली के हाथों गंवाना पड़ सकता है.