चार टीमों के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के सातवें मैच में ऑस्ट्रेलिया ए ने साउथ अफ्रीका ए को 32 रनों से हरा दिया. इस हार के साथ ही साउथ अफ्रीका ए की टीम सीरीज से बाहर हो गई है. सीरीज में अब इंडिया ए, इंडिया बी और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच मुकाबला बचा है.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए ने कप्तान ट्रेविस हेड की शतकीय पारी की मदद से साउथ अफ्रीका को 323 रनों का विशाल लक्ष्य दिया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम ने 48.4 ओवर में 290 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. साउथ अफ्रीका की ओर से चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे खाया जोंडो ने नाबाद 117 रनों की पारी खेली. जोंडो ने अपनी इस पारी में 104 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और सात छक्के जड़े.

ऑस्ट्रेलिया ए की तरफ से ट्रेविस हेड ने 117 गेंदों में 110 रन बनाए जिसमें 13 चौके और एक छक्का शामिल था. हेड के अलावा मार्नस लावुसचेंज ने 65 रन बनाए जबकि डी आर्सी शॉट 49 रन बनाकर आउट हुए. वहीं मैट रेनेशॉ ने 42 रनों का योगदान दिया.

साउथ अफ्रीका की ओर से खाया जोंडो के अलावा गिहाहन क्लॉएट ने 50 रन और सरेल एरवी ने 37 रनों का योगदान दिया.

गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्विपसन को तीन विकेट मिले. स्विपसन के अलावा ट्रेविस हेड को दो विकेट जबकि एशटन एगर, जैक वाइल्डर्मथ और जोएल पेरिस को एक-एक विकेट मिला. वहीं दो बल्लेबाज रन आउट हुए.

वहीं साउथ अफ्रीका की ओर से सिसांडा मगला को सबसे अधिक दो विकेट मिला जबकि खाया जोंडो और बेरुन हेनरिक को एक-एक विकेट मिला.

चार देशों की वनडे में सीरीज में इंडिया बी टीम चार मैचों में से दो में जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर मौजूद है. वहीं इंडिया ए दूसरे स्थान पर और ऑस्ट्रेलिया ए की टीम तीसरे स्थान पर मौजूद है.