इंडोनेशिया में खेले जा रहे 18वें एशियन गेम्स में भारत को वुशू के अलग-अलग इवेंट में 4 ब्रॉन्ज मेडल मिले हैं. भारतीय खिलाड़ी संतोष कुमार ने पुरुषों की 56 किलोग्राम भारवर्ग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. भारत की एक और वुशु खिलाड़ी रोशिबिना देवी ने भी 60 किलोग्राम भारवर्ग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया है. जबकि सूर्य भानु प्रताप को 60 किलोग्राम इवेंट में और नरेन्‍द्र ग्रेवाल को 65 किलोग्राम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा. संतोष को सेमीफाइनल मुकाबले में वियतनाम के ट्रोयोंग गियांग ने 2-0 से हार का सामना करना पड़ा. फाइनल में जगह नहीं बना पाने के संतोष कुमार को ब्रॉन्ज मेडल ही मिला. अगर संतोष फाइनल में पहुंच जाते तो वह कम से कम सिल्वर मेडल जीत सकते थे. लेकिन सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के हिस्से हार आई. रोशिबिना को सेमीफाइनल में चीन की यिंगयिंग काई ने 1-0 से मात देकर फाइनल में जाने से रोक दिया और इसी कारण भारतीय खिलाड़ी को ब्रॉन्ज मेडल से ही संतोष करना पड़ा. रोशिबिना ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर देश के लिए कांस्य पदक पक्का कर दिया था. उम्मीद थी कि वह फाइनल में जगह बनाकर कम से कम ब्रॉन्ज लेकर लौटेंगी लेकिन उनके साथ विफलता लगी. सूर्य भानु प्रताप को 60 किलोग्राम इवेंट के सेमीफाइनल में ईरान के एरफान ने 2-0 से हरा दिया. वहीं 65 किलोग्राम इवेंट के सेमीफाइनल में नरेन्‍द्र ग्रेवाल को ईरान के जाफरी ने 2-0 से हराकर फाइनल की उम्‍मीदों को तोड़ दिया.