ट्रैफिक चालान भरना हुआ बेहद आसान, जानिए ऑनलाइन पेमेंट का तरीका
अब देश में ट्रैफिक चालान भरने की प्रोसेस काफी आसान हो गई है. ऑनलाइन सिस्टम की मदद से घर बैठे कुछ ही मिनटों में चालान का पेमेंट किया जा सकता है. आज के समय में ट्रैफिक सिस्टम काफी हद तक डिजिटल हो चुका है. कई शहरों में कैमरों की मदद से वाहनों पर नजर रखी जाती है.
अगर कोई वाहन चालक सिग्नल तोड़ता है. ओवरस्पीड करता है या गलत तरीके से गाड़ी चलाता है तो उसका चालान बन सकता है. इस प्रोसेस में चालक को मौके पर रोका भी जा सकता है या फिर कैमरे के जरिए चालान सीधे रिकॉर्ड में दर्ज हो जाता है.
ई चालान असल में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर जारी होने वाला डिजिटल जुर्माना होता है. इसे ट्रैफिक पुलिस या कैमरा सिस्टम के जरिए रिकॉर्ड किया जाता है. इसके बाद वाहन से जुड़ी जानकारी के आधार पर चालान दर्ज कर दिया जाता है. कई बार वाहन मालिक के मोबाइल नंबर पर इसकी सूचना भी भेज दी जाती है. जिससे उसे पता चल सके कि उसके नाम पर चालान जारी हुआ है.
अगर आपको अपने वाहन का चालान चेक करना है तो यह काम भी ऑनलाइन किया जा सकता है. इसके लिए परिवहन विभाग के ई चालान पोर्टल https://echallan.parivahan.gov.in/index/accused-challan पर जाना होता है. वहां वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करके जानकारी देखी जा सकती है. कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर चालान से जुड़ी पूरी डिटेल सामने आ जाती है.
जब आप वेबसाइट पर जानकारी दर्ज करते हैं तो सिस्टम वाहन से जुड़े सभी पेंडिंग चालान दिखा देता है. यहां यह भी पता चल जाता है कि किस गलती के चलते चालान जारी हुआ और कितना जुर्माना देना है. इससे वाहन मालिक को जानकारी मिल जाती है.
ऑनलाइन पेमेंट करना भी काफी आसान है. चालान की जानकारी सामने आने के बाद Pay Now ऑप्शन पर क्लिक करना होता है. इसके बाद कई डिजिटल पेमेंट ऑप्शन उपलब्ध होते हैं. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के जरिए पेमेंट किया जा सकता है.