घर बैठे ऐसे भर सकते हैं ट्रैफिक चालान, जान लीजिए आसान तरीका
पहले अगर कोई वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाता, सिग्नल तोड़ता या किसी अन्य नियम का उल्लंघन करता, तो उसे तुरंत रोकना मुश्किल होता था. अब शहरों में लगे कैमरे और डिजिटल ट्रैफिक सिस्टम के जरिए यह सब रिकॉर्ड हो जाता है. अगर कोई नियम तोड़ता है, तो उसका चालान सीधे डिजिटल सिस्टम में दर्ज हो जाता है.
इसे डिजिटल सिस्टम को ई-चालान कहाजाता है. ई-चालान दरअसल ट्रैफिक नियम तोड़ने पर जारी होने वाला डिजिटल जुर्माना है, इसे ट्रैफिक पुलिस या कैमरा सिस्टम द्वारा रिकॉर्ड किया जाता है. वाहन मालिक की जानकारी (जैसे वाहन नंबर और ड्राइविंग लाइसेंस) के आधार पर चालान सिस्टम में दर्ज किया जाता है. कभी-कभी इसके बारे में मोबाइल पर भी नोटिफिकेशन भेजा जाता है, जिससे मालिक को पता चल जाता है कि उसके नाम पर चालान आया है.
अब आपको ट्रैफिक ऑफिस जाने की जरूरत नहीं,आप आसानी से अपने वाहन का चालान ऑनलाइन चेक कर सकते हैं. इसके लिए आपको echallan.parivahan.gov.in परिवहन विभाग का ई-चालान पोर्टल पर जाना होगा. वहां आप वाहन नंबर, चालान नंबर या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर डालकर पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. कुछ सेकंड में स्क्रीन पर चालान से जुड़ी डिटेल्स दिख जाएंगी.
ई-चालान भरना अब बहुत आसान हो गया है. चालान की डिटेल्स देखने के बाद Pay Now ऑप्शन पर क्लिक करना होता है. इसके बाद कई डिजिटल पेमेंट विकल्प आते हैं. डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई. आप अपनी सुविधा के अनुसार कोई भी तरीका चुन कर तुरंत चालान का भुगतान कर सकते हैं.
साइट पर जानकारी डालते ही सिस्टम आपके वाहन से जुड़े सभी पेंडिंग चालान दिखा देता है. साथ ही यह भी बता देता है कि कौन सी गलती के कारण चालान जारी हुआ और कितना जुर्माना भरना है. इससे वाहन मालिक को पूरी पारदर्शिता मिलती है और कोई भ्रम नहीं रहता है.
डिजिटल ट्रैफिक सिस्टम ने वाहन चालकों और ट्रैफिक पुलिस दोनों के लिए काम आसान कर दिया है. अब न सिर्फ नियमों का पालन आसान हुआ है, बल्कि चालान भरने में भी समय और मेहनत बचती है. यह प्रणाली ट्रैफिक मैनेजमेंट को ज्यादा पारदर्शी और व्यवस्थित बनाती है.