कब मिलेंगे दिल्ली वासियों को फ्री सिलेंडर? जान लें क्या है अपडेट

महंगाई के इस दौर में रसोई गैस का बढ़ता खर्च हर घर के बजट को हिला देता है. दिल्ली में अभी 14 किलो वाला LPG सिलेंडर करीब 853 रुपये का है. ऐसे में अगर साल में दो बार यही सिलेंडर मुफ्त मिल जाए. तो यह किसी बड़ी राहत से कम नहीं. इसी राहत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने मुफ्त गैस सिलेंडर योजना को मंजूरी दे दी है.
दिल्ली सरकार की ओर से फ्री सिलेंडर की खबर सामने आते ही लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे हैं. क्या इसके लिए आवेदन करना होगा? सिलेंडर कैसे मिलेगा? पैसा पहले मिलेगा या बाद में? सरकार कैसे तय करेगी कि कौन पात्र है? सरकार ने साफ किया है कि पूरी प्रोसेस आसान रखी जाएगी.
मुफ्त गैस सिलेंडर योजना का ऐलान विधानसभा चुनावों से पहले किया गया था. वादा था कि सरकार बनने के बाद होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर दिया जाएगा. अब सरकार का एक साल पूरा होने के बाद इस योजना को लॉन्च करने की तैयारी है. 20 जनवरी को कैबिनेट से इसे औपचारिक मंजूरी भी मिल चुकी है.
इस योजना के तहत दिल्ली के पात्र लाभार्थियों को साल में दो सिलेंडर मुफ्त मिलेंगे. एक सिलेंडर होली के मौके पर और दूसरा दिवाली पर दिया जाएगा. यानी साल के दो बड़े त्योहारों पर गैस सिलेंडर का खर्च सरकार उठाएगी. जिससे परिवारों को सीधी आर्थिक राहत मिलेगी.
मुफ्त सिलेंडर का फायदा सिर्फ जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा. योजना का लाभ EWS कैटेगरी में आने वाले और राशन कार्ड धारक परिवारों को दिया जाएगा. अनुमान है कि इससे 17 लाख से ज्यादा परिवारों को फायदा पहुंचेगा. सरकार का फोकस उन्हीं घरों पर है. जहां गैस का खर्च सबसे ज्यादा असर डालता है.
इस योजना के लिए अलग से कोई फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी. आप सामान्य तरीके से गैस एजेंसी से सिलेंडर बुक कराएंगे और खरीदेंगे. इसके बाद सरकार सिलेंडर की रकम सीधे आपके आधार लिंक बैंक खाते में ट्रांसफर कर देगी. यानी आपको रिफंड के तौर पर पैसा मिलेगा.
मुफ्त सिलेंडर का लाभ लेने के लिए दिल्ली का आधार कार्ड और दिल्ली पते का राशन कार्ड जरूरी होगा. जो लोग EWS कैटेगरी में नहीं आते और जिनके पास राशन कार्ड नहीं है. उन्हें इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा. सरकारी नौकरी करने वाले या रिटायर्ड लोगों को भी इस योजना से बाहर रखा गया है