AC सर्विस में हो सकता है बड़ा खेल! टेक्नीशियन से बचना है तो पहले जांच लें ये 5 जरूरी चीजें, नहीं तो जेब हो जाएगी ढीली

गर्मी का मौसम शुरू होते ही घरों में एयर कंडीशनर दोबारा चलने लगते हैं. कई लोग महीनों बंद पड़े AC को सीधे ऑन कर देते हैं जबकि समझदारी इसी में है कि पहले उसकी ठीक से सर्विस करवाई जाए. अक्सर देखा जाता है कि लोग टेक्नीशियन को बुलाकर पूरा काम उसके भरोसे छोड़ देते हैं और खुद कुछ भी जांचने की जरूरत नहीं समझते. यही लापरवाही बाद में भारी पड़ सकती है. अगर आप चाहते हैं कि आपका AC पूरी गर्मी बिना रुकावट बढ़िया ठंडक दे तो सर्विस के दौरान कुछ अहम बातों पर नजर रखना बेहद जरूरी है.
सबसे पहले सफाई पर ध्यान दें. चाहे विंडो AC हो या स्प्लिट AC उसकी सही तरीके से सफाई होना जरूरी है. विंडो AC को बाहर निकालकर साफ किया जाना चाहिए जबकि स्प्लिट AC में एयर फिल्टर और इंडोर यूनिट की कूलिंग कॉइल्स की गंदगी पूरी तरह हटनी चाहिए. कॉइल्स पर जमी धूल और मैल ठंडक को काफी कम कर देती है. अगर सफाई अधूरी रह जाए तो AC सही कूलिंग नहीं देगा और आपको बार-बार सर्विस बुलानी पड़ सकती है.
सर्विस के दौरान कई बार बिना सही जांच के गैस भरवाने की सलाह दे दी जाती है. ऐसे में तुरंत सहमति देने के बजाय गैस प्रेशर की जांच जरूर करवाएं. अगर वास्तव में गैस कम है तो पहले लीकेज का कारण तलाश कर उसे ठीक कराना जरूरी है. बिना लीकेज ठीक किए सिर्फ गैस भरवाने से समस्या बार-बार लौट सकती है और हर बार आपका खर्च बढ़ेगा.
सफाई के साथ ड्रेनेज सिस्टम भी नजरअंदाज नहीं होना चाहिए. AC का ड्रेन पाइप जाम हो जाए तो पानी टपकने या लीकेज की शिकायत आने लगती है. इसलिए सर्विस के बाद यह जरूर देखें कि पानी सही तरीके से बाहर निकल रहा है या नहीं. सिर्फ कुछ मिनट AC चलाकर टेस्ट कर लेना काफी नहीं है थोड़ी देर तक उसे चलाकर उसकी परफॉर्मेंस परखें.
इंडोर यूनिट के साथ आउटडोर यूनिट की हालत भी उतनी ही अहम है. बाहर लगी यूनिट के कंडेंसर फिन्स पर धूल जमने से हीट एक्सचेंज ठीक से नहीं हो पाता जिससे कूलिंग प्रभावित होती है. यह सुनिश्चित करें कि आउटडोर यूनिट को भी पानी के प्रेशर से अच्छी तरह साफ किया गया हो. अगर बाहर की यूनिट गंदी रह गई तो अंदर की सफाई का पूरा फायदा नहीं मिलेगा.
सर्विस पूरी होने के बाद सिर्फ ठंडक ही नहीं, बल्कि कंप्रेसर की आवाज पर भी ध्यान दें. अगर असामान्य शोर सुनाई दे तो तुरंत पूछताछ करें. साथ ही एम्पियर मीटर से यह भी जांच लेना समझदारी है कि AC सही मात्रा में करंट ले रहा है या नहीं. इन बातों की पुष्टि के बाद ही मानें कि आपका AC सही तरीके से सर्विस हुआ है और अब वह पूरे सीजन आराम से काम करेगा.