IPL 2018: रोमांचक मोड़ पर पहुंचा प्ले ऑफ का समीकरण, जानें किस टीम की क्या है स्थिति

इंडियन प्रीमियर लीग का 11वां सीजन काफी रोमांचक मोड़ पहुंच चुका है. लीग मैच खत्म होने वाले हैं और प्ले ऑफ की चार टीमें कौन सी होगी ये अभी तक तय नहीं हो पाया है. सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स प्ले ऑफ में जगह बना चुकी है. हालाकि कौन सी दो टीम पहले क्वालीफायर में भिड़ेगी यह अभी तक तय नहीं हो पाया है.
हैदराबाद अभी 18 अंक के साथ पहले नंबर पर है जबकि 16 प्वाइंट के साथ चेन्नई दूसरे स्थान पर. चेन्नई अगर अपने बचे दोनों मुकाबले जीत लेती है तो वो पहले स्थान पर पहुंच जाएगी जबकि पहले स्थान पर बने रहने के लिए हैदराबद को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बेहतर रन रेट के साथ मैच जीतना होगा.
चेन्नई को अगर दोनों मुकाबले में हार मिलती है और केकेआर हैदराबाद के खिलाफ बहुत बड़ी जीत दर्ज करती है तो वो दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी जबकि सीएसके को तीसरे स्थान पर खिसकना पड़ सकता है. आगे देखिए पांच टीमों के प्ले ऑफ में पहुंचने का समीकरण क्या है -
मुंबई इंडियंस - रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई रन रेट के मामले में सभी टीमों से आगे है. मुंबई को आखिरी मुकाबला दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ 20 मई को दिल्ली में खेलना है. उसे इस मुकाबले को जीतना ही होगा. अगर रन रेट बेहतर हो तो सोने पर सुहागा.
केकेआर - कोलकाता के पास 14 प्वाइंट हैं और उसे आखिरी मुकाबला 19 मई को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनके घर में खेलना है. केकेआर को अगर जीत मिलती है तो वो दूसरे नंबर पर भी पहुंच सकती है(सीएसके को दोनों मुकाबले में हार मिले). लेकिन हार मिली तो बाहर होने का खतरा मंडराने लगेगा क्योंकि टीम का रन रेट पहले ही माइनस में है और हारने के बाद और खराब हो जाएगी.
आरसीबी - पिछले मुकाबलों को जीत कर आरसीबी ने नई ऊर्जा पाई है. 12 अंकों के साथ टीम इंस वक्त पांचवें स्थान पर है और उनका रन रेट अच्छा है. आखिरी मुकाबले में आरसीबी का सामना अब कमजोर बन चुकी राजस्थान रॉयल्स से है. जीत उन्हें प्ले ऑफ में पहुंचा देगी तो वहीं हार बाहर कर देगी. कोहली सेना के लिए अंतिम मुकाबला करो या मरो का है.
राजस्थान - राजस्थान 12 अंक के साथ छठे स्थान पर है. टीम का रन रेट काफी खराब है ऐसे में प्ले ऑफ में पहुंचने के लिए उसे आरसीबी के खिलाफ जीत तो दर्ज करनी ही होगी साथ ही मुंबई के हार की कामना करनी होगी.
किंग्स इलेवन- एक समय काफी मजबूत दिख रही किंग्स पिछले मुकाबलों में हार के बाद सबसे कमजोर टीम दिखने लगी है. टीम के अभी 12 अंक हैं और वो सातवें स्थान पर है. किंग्स का रन रेट काफी कम है ऐसे में सीजन के आखिरी लीग मैच में उसे सीएसके के खिलाफ विशाल अंतर से मैच को जीतना होगा. साथ ही उम्मीद तब और जागेगी अगर आरसीबी और मुंबई को हार मिल जाए.