Russia Ukraine War Photos: यूक्रेन में रूसी सेना के हमले और तेज, अब तक 137 की मौत, देखिए तबाही की ताजा तस्वीरें
यूक्रेन पर रूसी हमले को करीब 24 घंटे होने को आए हैं. हर बीतते मिनट के साथ हमले और ज्यादा तेज होते जा रहे हैं. यूक्रेन की तरफ से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है, लेकिन बड़ी रूसी सेना के सामने ये नाकाफी है. अब जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें तबाही साफ तौर पर देखी जा सकती है.
रूसी सेनाओं ने महीनों की प्लानिंग के बाद यूक्रेन पर अटैक किया है और सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि हमले की रफ्तार ऐसी है, जो इससे पहले किसी युद्ध में देखी नहीं गयी थी. रूस समर्थक विद्रोही यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस गए हैं.
चेर्नोबिल न्यूक्लियर प्लांट पर भी रेड आर्मी का कब्जा हो गया है. इस लड़ाई में अब तक 137 यूक्रेनी नागरिकों की मौत हो चुकी है. वहीं, यूक्रेनी सेना ने रूस के भी कई विमान ध्वस्त कर दिए हैं.
रूसी सेना ने सबसे पहले यूक्रेनी सेना के कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम, एयर डिफेंस ठिकानों और एयरबेस को निशाना बनाया और उन्हें तबाह कर दिया.
रूसी हमले का नतीजा ये हुआ कि कुछ ही घंटों के भीतर यूक्रेन की खुद की रक्षा करने की ताकत बेहद कम हो चुकी है, काउंटर अटैक करना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है.
यूक्रेन की राजधानी कीव के बाहरी इलाके होस्तोमेल में रूसी सेना के करीब 20 अटैक हेलिकॉप्टर्स ने जबरदस्त हमला किया. हमले की वजह से शहर धुएं के गुबार से घिर गया.
क्रूज मिसाइलों के हमले में यूक्रेन को जबरदस्त नुकसान उठाना पड़ा है. सेना के कई ठिकाने इसमें तबाह हुए हैं. इस वक्त यूक्रेन में अफरा-तफरी का माहौल है.
पिछले कई महीनों से रूस यूक्रेन से सटी सीमाओं पर हमले का अभ्यास कर रहा था. यूक्रेन पर हमले की प्लानिंग बहुत लंबे वक्त से चल रही थी. प्लान के मुताबिक, यूक्रेन पर तीनों ही तरफ से एक साथ हमला किया गया है.
बेलारूस वाले रास्ते से रूसी सेनाओं ने लत्स्क, इवानो फ्रिंकवस्क और राजधानी कीव पर अटैक किया है. वहीं पूर्वी सीमा की तरफ से सबसे बड़ा हमला खारकीव पर किया गया है.
इसके अलावा नीपरो, रामातोरस्क, मरियोपोल पर भी जमीनी और हवाई हमले किए गए हैं. हमले का तीसरा रास्ता क्रीमिया की तरफ से बताया जा रहा था. वहां से भी रूसी सेनाएं यूक्रेन में घुसी हैं. खेरसन और ओडेसा शहर उनके हमले की चपेट में आए हैं.
आज सुबह यूक्रेन के समय के मुताबिक सुबह करीब 4.30 बजे राजधानी कीव में दो बड़े धमाके हुए हैं. हालांकि इन धमाकों में अभी किसी जान माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है.
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में युक्रेन पर अमेरिकी प्रस्ताव पर चर्चा भारतीय समयानुसार आज दोपहर 1:30 बजे होगी.