बार-बार सिरदर्द होना 6 खतरनाक बीमारियों की ओर करता है इशारा, संकेत दिखते ही भागें डॉक्टर के पास

सिरदर्द थकावट, तनाव या नींद की कमी से हर किसी को कभी न कभी होता है. लेकिन जब सिरदर्द बार-बार हो, बिना वजह हो और दवा लेने पर भी राहत न मिले, तो ये चिंता की बात हो सकती है. कई बार ये शरीर के अंदर चल रही गंभीर बीमारियों का संकेत देता है. यहां हम बता रहे हैं ऐसी 6 खतरनाक बीमारियों के बारे में, जिनकी आहट बार-बार सिरदर्द के रूप में दिखती है.
ब्रेन ट्यूमर: अगर सिरदर्द सुबह-सुबह तेज हो, उल्टी आए बिना मतली लगे या धुंधला दिखने लगे तो ये ब्रेन ट्यूमर के संकेत हो सकते हैं.
माइग्रेन: अगर सिरदर्द के साथ रोशनी, तेज आवाज, या गंध से परेशानी होती है तो ये माइग्रेन हो सकता है. एक या दोनों ओर की धड़कन भरी पीड़ा घंटों रह सकती है.
हाई ब्लड प्रेशर: बार-बार होने वाला सिरदर्द, खासकर सुबह उठते ही, हाई ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है. नजर धुंधली हो या गर्दन में जकड़न महसूस हो तो तुरंत BP चेक कराएं.
साइनस इंफेक्शन: नाक बंद रहना, माथे या गालों में दबाव महसूस होना और झुकने पर सिरदर्द बढ़ना, ये सब साइनस के लक्षण हैं. एलर्जी और मौसम बदलने पर ये तकलीफ बढ़ जाती है.
आंखों की कमजोरी: लंबे समय तक स्क्रीन देखने या पढ़ने के बाद सिरदर्द होना, आंखों में जलन या धुंधलापन, इनसे पता चलता है कि नजर कमजोर हो सकती है.
स्ट्रेस और एंग्जायटी: तनाव, चिंता या डिप्रेशन का असर सीधा सिरदर्द के रूप में दिखता है. ये दर्द हर दिन हो सकता है, खासकर शाम के वक्त पूरे सिर में भारीपन जैसा महसूस होता है.