महंगे ट्रीटमेंट के बाद भी नहीं रुक रहा गंजापन, डाइट में शामिल करें ये चीजें

कई लोग मानते हैं कि बालों का झड़ना अचानक से शुरू होता है,लेकिन ऐसा नहीं है. बाल झड़ने की कहानी अक्सर तकिए पर बाल दिखाई देने, नहाने के बाद ड्रेन में बाल दिखने या स्कैल्प ज्यादा दिखाई देने से शुरू होती है. दरअसल, तेजी से भागती हुई जिंदगी, अनियमित नींद, लगातार तनाव, जल्दी-जल्दी खाया गया खाना और बढ़ता प्रदूषण इन सबका असर शरीर पर पड़ता है. ऐसे में सबसे पहले लोग नए हेयर ऑयल, सीरम या सप्लीमेंट्स की ओर भागते हैं. जबकि सच्चाई यह है कि बालों की सेहत की शुरुआत स्कैल्प पर लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स से पहले, हमारी थाली से होती है. शरीर में पोषण की कमी सबसे पहले बालों पर नजर आती है. ऐसे में चलिए अब आपको बताते हैं कि बाल ज्यादा झड़ रहे हैं और महंगे ट्रीटमेंट काम नहीं आ रहे हैं तो आप डाइट में कौन सी चीजें शामिल कर सकते हैं.
हमारे बाल आमतौर पर प्रोटीन से बने होते हैं. लेकिन इन्हें ठीक से बढ़ने के लिए आयरन, विटामिन, गुड फैट और मिनरल की भी आवश्यकता होती है. जब शरीर में इनकी कमी हो जाती है, तो सबसे पहले बालों पर ही इसका असर पड़ता है. बालों की ग्रोथ धीरे हो जाती है. बाल पतले लगने लगते हैं और बालों का झड़ना बढ़ जाता है. वहीं सबसे हैरान करने वाली बात यह होती है कि विदेश से मंगाए गए सुपरफूड भी इसके लिए काम नहीं आते हैं. दरअसल आपके बालों को जिन चीजों की जरूरत होती है, उनमें से बहुत सी चीजें रोजाना के हमारे खाने में पहले से ही मौजूद हैं. बस अब हम खाने को देखभाल के साधन के रूप में नहीं देखते है.
डर्मलॉजिस्ट के अनुसार अंडे प्रोटीन और बायोटिन से भरपूर होते हैं. प्रोटीन कैराटिन बनाने में मदद करता है, जिससे बालों की संरचना मजबूत होती है. जबकि बायोटिन जड़ों को सपोर्ट देता है. हफ्ते में कुछ बार उबला अंडा या आमलेट शामिल करना भी फायदेमंद रहता है. जो लोग अंडा नहीं खाते हैं उनके लिए पनीर, टोफू, दालें और चने अच्छे ऑप्शन माने जाते हैं.
इसके अलावा बालों के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां भी बहुत फायदेमंद मानी जाती है. इनमें पालक, मेथी, बथुआ जैसी सब्जियां आयरन से भरपूर होती है. खासकर महिलाओं में आयरन की कमी बाल झड़ने की बड़ी वजह बनती है. यह सब्जियां ब्लड सर्कुलेशन सुधारती है और जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचाने में मदद करती है. वहीं एक कटोरी पालक दाल भले ही नॉर्मल लेकिन यह बालों के लिए फायदेमंद है.
आंवला भी विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है. यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाने और स्कैल्प को हेल्दी रखने में मदद करता है. ऐसे में कोई आंवले का जूस पीता है, कोई मुरब्बा खाता है तो कोई इसे चटनी के रूप में लेता है. भले ही आंवले को खाने का तरीका कोई भी हो बस इसकी नियमितता ज्यादा मायने रखती है.
बादाम, अखरोट, अलसी और कद्दू के बीज हेल्दी फैट्स और जिंक का अच्छा सोर्स माने जाते हैं. ये बालों के झड़ने को कम करने और उन्हें मजबूती देने में मदद करते हैं. ऐसे में रोजाना इन्हें एक छोटी मुट्ठी खाना काफी होता है.
वहीं मूंग दाल, मसूर दाल, चना दाल और राजमा जैसे ऑप्शन प्लांट प्रोटीन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं. ट्रेंडी डाइट्स की वजह से कई लोग पारंपरिक खाने से दूर हो जाते हैं, लेकिन नियमित दाल का सेवन शरीर को स्थिर पोषण देता है जो बालों के लिए जरूरी माना जाता है.
बालों की हेल्थ केवल आपके खान-पान पर ही निर्भर नहीं करती है, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करता है कि आपका शरीर क्या अवशोषित करता है. यहीं पर पाचन क्रिया की भूमिका आती है. दही, छाछ और अन्य फर्मेंटेड फूड्स पाचन को बेहतर बनाते हैं, जिससे शरीर पोषक तत्वों का सही इस्तेमाल कर पाता है.
गाजर, कद्दू और शकरकंद में मौजूद बीटा-कैरोटीन शरीर में विटामिन ए में बदलता है. यह स्कैल्प की नेचुरल नमी बनाए रखने में मदद करता है. लेकिन संतुलन जरूरी है. विटामिन ए की अत्यधिक मात्रा बालों के झड़ने का कारण बन सकती है. बालों की हेल्थ शायद ही कभी अतिवाद पर निर्भर करता है.
ओमेगा-3 फैटी एसिड बालों की जड़ों को पोषण देते हैं और बालों को भरा-भरा दिखाने में मदद करते हैं. मछली के अलावा अलसी, अखरोट, चिया सीड्स और सरसों का तेल भी अच्छे सोर्स माने जाते हैं. कई कई भारतीय डाइट में इन फैट्स की कमी होती है, जो समय के साथ बालों को प्रभावित कर सकती है.
इसके अलावा नारियल और नारियल तेल लंबे समय से भारतीय घरों का हिस्सा रहे हैं. ताजा नारियल या नारियल तेल से बना खाना अंदर से स्कैल्प को पोषण देने में मदद करता है.