Longest Day Planet: अंतरिक्ष में किस ग्रह पर होता है सबसे लंबा दिन, जान लीजिए जवाब?
शुक्र ग्रह को अपनी धुरी पर एक पूरा चक्कर लगाने में लगभग 243 पृथ्वी दिन लगते हैं. यह एक दिन को परिभाषित करता है. हैरानी की बात यह है कि यह सूर्य के चारों ओर एक कक्षा सिर्फ 225 दिनों के अंदर पूरी करता है. इसका मतलब है कि शुक्र ग्रह पर एक पूरा साल बीत जाता है इससे पहले की ग्रह एक दिन और रात का चक्र पूरा करें.
शुक्र ग्रह सभी ग्रहों में सबसे धीमी गति से घूमने का रिकॉर्ड रखता है. ऐसा माना जाता है कि इसकी धीमी गति इसके घने वायुमंडल और पिछले गुरुत्वाकर्षण इंटरैक्शन से प्रभावित होती है.
ज्यादातर ग्रहों के उलट जो पश्चिम से पूर्व की तरफ घूमते हैं शुक्र ग्रह उलटी दिशा में घूमता है. इसे रेट्रोग्रेड रोटेशन के नाम से जाना जाता है. नासा साइंस के मुताबिक शुक्र ग्रह पूर्व से पश्चिम की तरफ घूमता है. अगर आप इसकी सतह पर खड़े होते तो आप सूर्य को पश्चिम में उगते और पूर्व में डूबते हुए देखते हैं.
शुक्र के बाद बुध का दिन सबसे लंबा होता है. बुध को एक बार घूमने में लगभग 59 पृथ्वी दिन लगते हैं. हालांकि सूर्य के साथ अपने अद्वितीय कक्षीय अनुनाद की वजह से बुध पर एक सूर्योदय और अगले सूर्योदय के बीच का समय लगभग 176 पृथ्वी दिनों तक रहता है.
गैस के विशाल ग्रहों की तुलना में शुक्र की धीमी गति और भी ज्यादा अजीब लगती है. बृहस्पति सबसे तेजी से घूमने वाला ग्रह है. बृहस्पति 10 घंटे से भी कम समय में एक पूरा दिन पूरा करता है.
अपने धीमे घूमने और घने एटमॉस्फेयर की वजह से शुक्र ग्रह पर दिन और रात काफी लंबे होते हैं. साथ ही इसके खतरनाक ग्रीनहाउस इफेक्ट की वजह से सतह का तापमान काफी गर्म हो जाता है.