उदयपुर के 'द ओबेरॉय उदयविलास' से शादी करने में कितना आएगा खर्च? जान लीजिए हिसाब

शादी का सीजन आते ही अगर किसी डेस्टिनेशन वेडिंग की बात होती है, तो सबसे पहले लोगों के दिमाग में उदयपुर का नाम ही आता है. और जब बात सबसे लग्जरी और शाही वेन्यू की हो, तो द ओबेरॉय उदयविलास का नाम सबसे ऊपर आता है. जो अरावली की पहाड़ियों और पिछोला झील के किनारे बसा यह महल किसी सपने जैसी दुनिया लगता है. यहां शादी करना सिर्फ एक फंक्शन नहीं बल्कि एक यादगार शाही अनुभव बन जाता है, जिसे लोग जिंदगी भर याद रखते हैं.
ओबेरॉय उदयविलास को बहुत ही खूबसूरती से मेवाड़ की पारंपरिक शाही शैली में बनाया गया है. इसमें मुगल स्टाइल गुंबद, हाथ से तराशे गए पत्थर के स्तंभ, बड़े आंगन और मोर से प्रेरित डिजाइन देखने को मिलते हैं. पूरा रिजॉर्ट करीब 50 एकड़ में फैला हुआ है और यहां 85 से 87 लग्जरी कमरे मौजूद हैं. लाथ ही हर कमरा इतना शानदार है कि मेहमान खुद को किसी राजा-महाराजा के महल में महसूस करते हैं.
यह जगह शादी के हर फंक्शन के लिए बिल्कुल परफेक्ट मानी जाती है. चाहे हल्दी हो, मेहंदी, संगीत या फिर फेरे और रिसेप्शन, हर इवेंट यहां बहुत खूबसूरत तरीके से किया जाता है. शाम के समय जब सूरज ढलता है और झील में महल की रोशनी चमकती है, तो पूरा माहौल किसी फिल्म के सीन जैसा लगने लगता है. झील के किनारे बने लॉन और आंगन शादी को और भी ज्यादा खास बना देते हैं.
अगर 2025 के हिसाब से देखा जाए तो ओबेरॉय उदयविलास में 2 रात और 3 दिन की शादी का कुल खर्च लगभग 4.5 करोड़ रुपये से 5 करोड़ रुपये + टैक्स तक पहुंच सकता है. इसमें 85 कमरों की बुकिंग, सभी मेहमानों का खाना और होटल की बेसिक सर्विस शामिल होती है. यह खर्च शादी की तारीख और सीजन के हिसाब से थोड़ा ऊपर-नीचे हो सकता है.
ओबेरॉय उदयविलास की सबसे बड़ी खासियत उसकी बेहतरीन मेहमाननवाजी है. यहां हर गेस्ट को बहुत ही खास तरीके से ट्रीट किया जाता है. भारतीय हो या विदेशी, सभी को यहां लग्जरी और आराम दोनों का पूरा अनुभव मिलता है. साथ ही स्टाफ की सर्विस इतनी अच्छी होती है कि हर छोटी-बड़ी जरूरत का ध्यान रखा जाता है, जिससे शादी बिना किसी परेशानी के पूरी हो जाती है.
यह वेन्यू छोटे और बड़े दोनों तरह के शाही इवेंट के लिए सही है. यहां लगभग 120 से 160 मेहमानों के लिए आरामदायक व्यवस्था की जा सकती है. वही शादी के दौरान पूरे 85 कमरे दो रातों के लिए बुक किए जाते हैं ताकि सभी मेहमान एक ही जगह रहकर पूरे फंक्शन का आनंद ले सकें. यहां का हर सेटअप इस तरह डिजाइन किया गया है कि हर इवेंट आसानी से और शानदार तरीके से पूरा हो जाए.
इसके अलावा खाने-पीने के मामले में भी यह जगह बहुत खास है. यहां भारतीय और इंटरनेशनल दोनों तरह के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे जाते हैं. हर फंक्शन के हिसाब से अलग मेन्यू तैयार किया जाता है. साथ ही डेकोरेशन, लाइटिंग और पूरा माहौल इतना शानदार होता है कि शादी एक शाही जश्न बन जाती है.
लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि यह खर्च सिर्फ होटल और वेन्यू का है. इसके अलावा डेकोरेशन, एंटरटेनमेंट, फोटोग्राफी, लाइटिंग, साउंड, ट्रांसपोर्ट और बाकी प्रोडक्शन का खर्च अलग से होता है, जो लगभग 1.5 करोड़ रुपये से लेकर 4 करोड़ रुपये तक जा सकता है. कुल मिलाकर यह शादी एक बेहद लग्जरी और शाही अनुभव बन जाती है, जो जिंदगी भर याद रहती है.