14 कैरेट, 18 कैरेट या 22 कैरेट... सोने की अंगूठी किसमें बनेगी मजबूत, जानें कितना आएगा खर्चा?

सोने की अंगूठी खरीदना सिर्फ एक निवेश नहीं, बल्कि जीवन के खास पलों को यादगार बनाने का जरिया है. जब भी हम बाजार में अंगूठी लेने जाते हैं, तो हमारे सामने 14 कैरेट, 18 कैरेट और 22 कैरेट जैसे कई विकल्प आते हैं. अक्सर लोग शुद्धता के चक्कर में गलत चुनाव कर बैठते हैं, जिससे अंगूठी जल्दी टूट या मुड़ जाती है. ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि रोज पहनने के लिए कौन सा कैरेट सबसे मजबूत रहेगा और इसे बनवाने में आपकी जेब पर कितना असर पड़ेगा.
सोने की अंगूठी बनवाने के लिए 14 कैरेट या 18 कैरेट को सबसे मजबूत और व्यावहारिक विकल्प माना जाता है. हालांकि 22 कैरेट का सोना शुद्धता के मामले में काफी आगे होता है, लेकिन शुद्ध सोना बहुत ज्यादा मुलायम होता है.
मुलायम होने की वजह से 22 कैरेट से बनी अंगूठी की डिजाइन जल्दी खराब हो सकती है या वह मुड़ सकती है. इसके विपरीत 14 कैरेट और 18 कैरेट सोने में चांदी और तांबे जैसी अन्य मजबूत धातुएं मिलाई जाती हैं, जो इसकी मजबूती को काफी बढ़ा देती हैं.
अंगूठियों के मामले में 14 कैरेट सोने में 58.5% शुद्ध सोना होता है और बाकी अन्य धातुएं होती हैं. यह मिश्रण इसे सबसे अधिक मजबूत और खरोंच प्रतिरोधी बनाता है. जो लोग अपनी अंगूठी को बिना उतारे रोजाना पहनना चाहते हैं, उनके लिए 14 कैरेट से बेहतर कोई दूसरा विकल्प नहीं है.
आज के बाजार भाव के अनुसार भारत में 14 कैरेट सोने की कीमत लगभग 9,114 रुपये प्रति ग्राम यानी 91,140 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रही है. अगर आप चमक और मजबूती दोनों का एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन चाहते हैं, तो 18 कैरेट सोना आपके लिए सबसे सही है.
इसमें 75% शुद्ध सोना होता है. भारत में सगाई या शादी की अंगूठियों के लिए इस कैरेट को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. आज के ताजा रेट के मुताबिक देश में 18 कैरेट सोने का भाव 120,756 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
यह 22 कैरेट के मुकाबले लगभग 25 से 27% तक सस्ता पड़ता है, जिससे बजट भी संभल जाता है. पारंपरिक पसंद के लिहाज से 22 कैरेट सोने में 91.6% शुद्धता होती है, जिसका आज का भाव 147,590 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
इसकी चमक सबसे बेहतरीन होती है, लेकिन अत्यधिक मुलायम होने के कारण यह नाजुक डिजाइनों के लिए ठीक नहीं है. 22 कैरेट की अंगूठी तभी मजबूत रह सकती है जब उसे काफी भारी या पारंपरिक तरीके से मोटी परत के साथ बनाया जाए. वहीं 24 कैरेट का भाव 160,203 रुपये प्रति 10 ग्राम है, जिससे गहने नहीं बनते.
सोने की अंगूठी की कुल कीमत मुख्य रूप से चार चीजों पर तय होती है- सोने का कुल वजन, चुना गया कैरेट, मेकिंग चार्ज और 3% जीएसटी. नियम सीधा है कि कैरेट जितना कम होगा, अंगूठी की कीमत उतनी ही कम आएगी.
इसके अलावा ज्वैलर्स डिजाइन की जटिलता के आधार पर 10% से लेकर 25% तक मेकिंग चार्ज वसूलते हैं. अंतरराष्ट्रीय बाजार के उतार-चढ़ाव, डॉलर-रुपये के एक्सचेंज रेट और दिवाली-धनतेरस जैसे त्योहारों पर स्थानीय मांग बढ़ने से भी इन कीमतों में बदलाव आता रहता है.