तलाकशुदा और एक बच्चे की मां Malaika Arora को डेट करने पर बोले Arjun Kapoor- उनके अतीत का सम्मान करता हूं

अर्जुन कपूर, मलाइका अरोड़ा
अर्जुन कपूर अपनी पर्सनल लाइफ के चलते सुर्खियों में रहते हैं. वह पिछले तीन साल से मलाइका अरोड़ा को डेट करने के चलते खबरों में बने रहते हैं. मलाइका तलाकशुदा और एक बच्चे की मां हैं. ऐसे में अर्जुन अपने रिलेशनशिप को कैसे हैंडल करते हैं, इसका खुलासा उन्होंने एक इंटरव्यू में किया है.
अर्जुन ने कहा, 'मैं अपनी पर्सनल लाइफ के बारे में ज्यादा बात करना पसंद नहीं करता क्योंकि मुझे लगता है कि पार्टनर का सम्मान किया जाना बहुत जरूरी है.चूंकि उनका अतीत भी उनके साथ है इसलिए मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं. मैं नहीं चाहता कि पब्लिकली कई बातें सामने आएं क्योंकि इससे उनके बच्चे की जिंदगी भी प्रभावित हो सकती है.'
अर्जुन ने आगे कहा, 'मैं कोशिश करता हूं कि रिश्ते में सीमा बनी रहे. मैं वो करता हूं जिसमें वो (मलाइका) कंफर्टेबल रहें और मेरा करियर रिलेशनशिप के कारण प्रभावित ना हो. इस वजह से आपको कुछ सीमाएं बनानी पड़ती हैं. हमने रिश्ते को समय दिया है, सम्मान दिया है. इसलिए इसमें एक-दूसरे को स्पेस देना ही बहुत जरूरी है.'
आपको बता दें कि अर्जुन के साथ रिलेशन में आने से पहले मलाइका ने अरबाज खान से शादी की थी. अरबाज और मलाइका का शादी के 19 साल बाद तलाक हो गया था. दोनों ने 2017 में आपसी सहमति से तलाक लिया था. अरबाज से तलाक के बाद बेटे अरहान की कस्टडी मलाइका को दी थी.
अर्जुन और मलाइका के बीच 12 साल का एज-गैप है. इस वजह से दोनों कई बार ट्रोलिंग का सामना कर चुके हैं. मलाइका को डेस्पेरेट और बुड्ढी कहकर ट्रोल किया गया था, जिस पर मलाइका ने कहा था कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है. वहीं, अर्जुन ने कहा था कि प्यार में उम्र नहीं, भावनाएं देखी जाती हैं.