PG की पढ़ाई के खर्च की चिंता छोड़िए, UGC की यह स्कॉलरशिप करेगी मदद

हायर एजुकेशन हासिल करने की इच्छुक छात्राओं के लिए सरकार की तरफ से कई स्कॉलरशिप स्कीम चलाई जाती हैं. इन योजनाओं के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर बेटियों को हायर एजुकेशन के लिए बढ़ावा देना है. ऐसे में आइए जानते हैं जो पोस्ट ग्रेजुएट की पढ़ाई करने के लिए कौन सी योजनाएं चलाई जा रही हैं.
यूजीसी की तरफ से पीजी इंदिरा गांधी स्कॉलरशिप फॉर सिंगल गर्ल चाइल्ड योजना छात्राओं के बीच काफी लोकप्रिय है. यह योजना उन छात्राओं के लिए है जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं और किसी मान्यता प्राप्त संस्थान में नियमित रूप से मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं.
इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को दो वर्षों तक प्रति वर्ष 36,200 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. आवेदन के समय छात्रा की आयु 30 वर्ष से कम होनी चाहिए. इस योजना का उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और परिवारों में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है.
वहीं, तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं के लिए एआईसीटीई प्रगति छात्रवृत्ति योजना जरूरी अवसर प्रदान करती है.
अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) की तरफ से संचालित इस योजना के तहत इंजीनियरिंग, तकनीकी डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्राओं को प्रति वर्ष 50,000 रुपये तक की सहायता दी जाती है.
यह राशि कॉलेज फीस, किताबें, कंप्यूटर और अन्य शैक्षणिक जरूरतों पर खर्च की जा सकती है. योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलता है जिनके परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम है. साथ ही, एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इस योजना के लिए पात्र होती हैं.
इसके अलावा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, बायोटेक्नोलॉजी, फार्मेसी और अन्य STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमैटिक्स) विषयों में अध्ययन करने वाली महिलाओं के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) भी कई विशेष फेलोशिप योजनाएं संचालित करता है.