बाबा फरीद यूनिवर्सिटी में नौकरी का सुनहरा मौका, 174 पदों पर निकली भर्ती, जानें पूरी डिटेल्स

बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (BFUHS) ने आपके लिए एक शानदार अवसर पेश किया है. यूनिवर्सिटी ने प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के कुल 174 पदों पर भर्ती निकाली है. इन पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 4 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती के तहत 41 पद प्रोफेसर के लिए, 27 पद एसोसिएट प्रोफेसर के लिए और 106 पद असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए आरक्षित किए गए हैं. ये सभी पद मेडिकल और हेल्थ साइंस के विभिन्न विभागों में भरे जाएंगे.
इस भर्ती में आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार तय किया गया है. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 2360 रुपये रखा गया है. वहीं एससी वर्ग के उम्मीदवारों को 1180 रुपये शुल्क देना होगा. भुगतान ऑनलाइन माध्यम से डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से किया जा सकता है.
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2025 के आधार पर की जाएगी. असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर आवेदन करने वालों की अधिकतम आयु 40 वर्ष, एसोसिएट प्रोफेसर के लिए 45 वर्ष और प्रोफेसर के लिए 50 वर्ष तय की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी.
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से एमएससी और पीएचडी की डिग्री होना आवश्यक है. इसके साथ ही संबंधित विषय में अनुभव और शोध कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी. जिन उम्मीदवारों ने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है, उनके चयन की संभावना अधिक होगी.
आवेदन के समय उम्मीदवारों को कुछ जरूरी दस्तावेज भी अपलोड करने होंगे. इनमें जन्मतिथि का प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण-पत्र, पीएचडी और एमएससी की डिग्री, अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि हो), निवास प्रमाण-पत्र और जाति प्रमाण-पत्र शामिल हैं.
चयन प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी रखी जाएगी. उम्मीदवारों का चयन शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और इंटरव्यू में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा.
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को यूनिवर्सिटी की आधिकारिक वेबसाइट bfuhs.ac.in पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा. वहां Recruitment सेक्शन में जाकर Apply Online लिंक पर क्लिक करें. फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी ध्यान से भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें. आवेदन पूरा करने के बाद उसका प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रख लें.