IIRF रैंकिंग 2026 आई सामने, देखें भारत के टॉप 10 प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेजों की पूरी लिस्ट

इंजीनियरिंग कॉलेजों की आईआईआरएफ रैंकिंग
इस साल की रैंकिंग में पहला स्थान BITS Pilani को मिला है. यानी Birla Institute of Technology and Science. यह इंस्टीट्यूट राजस्थान के पिलानी में स्थित है, जो अपनी पढ़ाई, मजबूत एलुमनाई और अच्छे प्रदर्शन के लिए दुनिया भर में मशहूर है. इस इंस्टीट्यूट का रिकॉर्ड रहा है कि इससे पढ़कर निकलने वाले छात्र हमेशा से बड़ी-बड़ी कंपनियों में अच्छे पदों पर काम करते हैं. यही वजह है कि यह कई साल से अपनी टॉप पोजीशन बनाए हुए है.
दूसरे और तीसरे नंबर की बात करें तो इन पर तमिलनाडु के दो बड़े संस्थानों ने जगह बनाई है. दूसरे स्थान पर चेन्नई स्थित SRM Institute of Science and Technology ने जगह बनाई है, जबकि तीसरे स्थान पर वेल्लोर स्थित Vellore Institute of Technology (VIT) ने अपनी जगह बनाई है. दोनों संस्थान अपनी मॉडर्न लैब्स, रिसर्च के मौकों और इंडस्ट्री से जुड़े कोर्सेज की वजह से हर साल हजारों छात्रों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं. साथ ही इन दोनों कॉलेजों में पढ़ाई के साथ-साथ कैंपस लाइफ और इंटरनेशनल एक्सपोजर पर भी खास ध्यान दिया जाता है. यही वजह है कि ये कॉलेज रैंकिंग में टॉप 3 में गिने जाते हैं.
चौथे स्थान पर कर्नाटक के मणिपाल में स्थित मणिपाल एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन (MAHE) है, जो इंजीनियरिंग के साथ-साथ मेडिकल में भी अपनी अच्छी पहचान बनाए रखता है. वहीं पांचवें नंबर पर पंजाब के पटियाला शहर का थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी है, जो अपने मजबूत टेक्निकल बेस और इंडस्ट्री टाई-अप के लिए जाना जाता है.
छठे स्थान पर गुजरात के गांधीनगर में स्थित धीरूभाई अंबानी यूनिवर्सिटी ने जगह बनाई है, जो हाल के सालों में तेजी से उभरता हुआ नाम बन गया है. सातवें नंबर पर तेलंगाना के हैदराबाद स्थित IIIT Hyderabad है, जो कंप्यूटर साइंस और टेक्नोलॉजी रिसर्च के मामले में देश के बेहतरीन संस्थानों में गिना जाता है.
आठवें स्थान पर दो संस्थानों ने बराबरी से जगह बनाई है - उत्तर प्रदेश के दादरी में स्थित शिव नाडर डीम्ड यूनिवर्सिटी और गाजियाबाद की KIET डीम्ड यूनिवर्सिटी. दोनों संस्थान अपने मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर और बढ़ते प्लेसमेंट रिकॉर्ड की वजह से छात्रों में लोकप्रिय हो रहे हैं.
नौवें स्थान पर बेंगलुरु का IIIT Bengaluru है, जो टेक्नोलॉजी हब कर्नाटक में होने का पूरा फायदा उठाते हुए छात्रों को बेहतरीन इंडस्ट्री एक्सपोजर देता है. वहीं दसवें यानी आखिरी स्थान पर झारखंड के मेसरा में स्थित Birla Institute of Technology Mesra (BIT Mesra) ने जगह बनाई है, जो अपने पुराने इतिहास और अच्छी अकैडमिक क्वालिटी के लिए जाना जाता है.
साल 2026 में इंजीनियरिंग में एडमिशन लेने की सोच रहे छात्रों के लिए यह IIRF रैंकिंग एक भरोसेमंद गाइड की तरह काम करती है. इस लिस्ट को बनाते समय अकैडमिक क्वालिटी, रिसर्च एनवायरमेंट, इंडस्ट्री से जुड़ाव और करियर के मौकों जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा गया है.