ब्रिटेन में पढ़ाई का सपना फीस, किराया और खाने पर कितना होगा खर्च? जानें एक-एक डिटेल

विदेश में पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए ब्रिटेन एक प्रमुख विकल्प है, लेकिन यहां पढ़ाई करने से पहले कुल खर्च को समझना बेहद जरूरी है. केवल यूनिवर्सिटी फीस ही नहीं, बल्कि रहने और रोजमर्रा के खर्च भी बजट का बड़ा हिस्सा होते हैं. सही जानकारी से आप बेहतर आर्थिक योजना बना सकते हैं.
ब्रिटेन में बैचलर्स डिग्री की फीस कोर्स और यूनिवर्सिटी के अनुसार अलग-अलग होती है. आमतौर पर छात्रों को 11,000 से 38,000 पाउंड के बीच ट्यूशन फीस देनी पड़ती है. इंग्लैंड, वेल्स और नॉर्दर्न आयरलैंड में यह कोर्स लगभग तीन साल में पूरा हो जाता है, जबकि स्कॉटलैंड में चार साल लग सकते हैं.
मास्टर्स की पढ़ाई के लिए छात्रों को लगभग 9,000 से 30,000 पाउंड तक खर्च करना पड़ सकता है. यहां की खास बात यह है कि अधिकतर मास्टर्स कोर्स एक साल में ही पूरे हो जाते हैं, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत होती है.
ब्रिटेन में रहने का खर्च शहर के अनुसार बदलता है.लंदन में रहने वाले छात्रों को हर महीने करीब 1300 से 1400 पाउंड खर्च करने पड़ सकते हैं. वहीं, अन्य शहरों में यह खर्च लगभग 900 से 1300 पाउंड के बीच होता है. इसमें रेंट सबसे बड़ा खर्च होता है.
खाने-पीने और रोजमर्रा की जरूरतों पर भी खर्च होता है.छात्र हर महीने करीब 100 पाउंड खाने पर खर्च करते हैं.इसके अलावा, बाहर घूमने-फिरने या सामाजिक गतिविधियों के लिए लगभग 50-50 पाउंड का अतिरिक्त खर्च हो सकता है.
ब्रिटेन में पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल आम है, जिस पर छात्रों को हर महीने लगभग 50 से 60 पाउंड तक खर्च करना पड़ सकता है. इसके अलावा, छोटी-मोटी जरूरतों और शॉपिंग का खर्च भी अलग से जुड़ता है.
अगर पूरे खर्च को जोड़कर देखा जाए, तो ब्रिटेन में पढ़ाई करने वाले भारतीय छात्रों का सालाना खर्च लगभग 20,000 से 55,000 पाउंड के बीच हो सकता है. यह राशि कोर्स, यूनिवर्सिटी और शहर के हिसाब से बदलती रहती है.