Summer Car Safety Tips : गर्मी में गाड़ी के अंदर भूलकर भी न रखें ये 5 चीजें, वरना कार का कबाड़ा होना पक्का

गर्मियों का मौसम शुरू होते ही सिर्फ इंसान ही नहीं, आपकी कार भी तेज गर्मी की मार झेलती है. कई लोग यह सोचकर अपनी कार धूप में खड़ी कर देते हैं कि थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे, लेकिन बंद कार के अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ जाता है. बाहर अगर तापमान 35 डिग्री सेल्सियस हो, तो कार के अंदर का तापमान कुछ ही मिनटों में 50 से 60 डिग्री तक पहुंच सकता है. ऐसी गर्म कार के अंदर अगर कुछ खतरनाक चीजें छोड़ दी जाएं, तो वे फट सकती हैं, आग पकड़ सकती हैं या बड़ा हादसा कर सकती हैं. कई बार छोटी-सी लापरवाही पूरी कार को नुकसान पहुंचा देती है. इसलिए गर्मियों में कार के अंदर कौन-कौन सी चीजें नहीं छोड़नी चाहिए, यह जानना बहुत जरूरी है.तो आइए जानते हैं कि गर्मी में गाड़ी के अंदर भूलकर भी कौन सी 5 चीजें न रखें.
बहुत से लोग सिगरेट लाइटर को कार में ही छोड़ देते हैं, लेकिन तेज गर्मी में यह बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. लाइटर के अंदर गैस और ज्वलनशील पदार्थ भरा होता है. जब कार के अंदर का तापमान बढ़ता है, तो गैस फैलने लगती है और लाइटर के अंदर दबाव बढ़ जाता है. ज्यादा गर्मी पड़ने पर लाइटर फट सकता है.अगर लाइटर फट जाए, तो उसकी चिंगारी सीट, कवर या प्लास्टिक के हिस्सों में आग लगा सकती है. इसलिए लाइटर को कभी भी डैशबोर्ड या सीट पर छोड़कर न जाएं.
आजकल हर व्यक्ति कार में मोबाइल चार्जर, पावर बैंक या लैपटॉप रखता है, लेकिन गर्मी में ये चीजें खतरा बन सकती हैं. इन सभी गैजेट्स में लिथियम-आयन बैटरी होती है. ज्यादा तापमान में यह बैटरी गर्म होकर फूल सकती है और फट भी सकती है. कई बार पावर बैंक में अचानक आग लगने की घटनाएं भी सामने आती हैं. सबसे ज्यादा खतरा तब होता है जब पावर बैंक या फोन को डैशबोर्ड पर छोड़ दिया जाता है, क्योंकि वहां सीधी धूप पड़ती है. इसलिए इलेक्ट्रॉनिक सामान हमेशा अपने साथ लेकर जाएं.
डियोड्रेंट, परफ्यूम और एयर फ्रेशनर के कैन भी दबाव वाले होते हैं. तेज गर्मी के कारण इनके अंदर गैस फैलती है और बोतल फट सकती है. इससे कार में आग लगने का खतरा काफी बढ़ जाता है.
पानी की बोतल भी कार में खतरा पैदा कर सकती है. अगर पारदर्शी प्लास्टिक या कांच की बोतल धूप में रखी हो, तो वह मैग्नीफाइंग ग्लास की तरह काम कर सकती है. सूरज की किरणें बोतल से होकर एक जगह फोकस हो जाती हैं. इस वजह से सीट या कपड़े पर ज्यादा गर्मी पैदा होती है और वहां धुआं निकल सकता है. कुछ मामलों में इससे आग भी लग जाती है. इसलिए पानी की बोतल को धूप वाली जगह पर न रखें.
बहुत से लोग अपना चश्मा डैशबोर्ड पर रखकर चले जाते हैं, लेकिन यह आदत नुकसानदायक हो सकती है. चश्मे के लेंस धूप को एक जगह इकट्ठा कर देते हैं. इससे डैशबोर्ड की प्लास्टिक गर्म होकर पिघल सकती है या आग लग सकती है. रीडिंग ग्लास और सनग्लास दोनों में यह खतरा होता है. इसलिए चश्मे को हमेशा केस में रखकर सुरक्षित जगह पर रखें.
गर्मी में कार को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. हमेशा कार को छांव वाली जगह पर पार्क करें. धूप में कार खड़ी करनी पड़े तो सनशेड का इस्तेमाल करें. कार के अंदर ज्वलनशील चीजें न छोड़ें. इलेक्ट्रॉनिक सामान अपने साथ लेकर जाएं. बच्चों या पालतू जानवरों को बंद कार में अकेला न छोड़ें. कार का तापमान कम रखने के लिए खिड़कियां थोड़ा खुला छोड़ सकते हैं.