Car Driving Tips: कार का ब्रेक फेल हो जाए तो कैसे बचाएं जान, ये टिप्स आएंगे बहुत काम?

सड़क पर गाड़ी चलाते समय अगर अचानक कार के ब्रेक काम करना बंद कर दें, तो किसी भी ड्राइवर के लिए यह बेहद तनाव और खतरनाक स्थिति हो सकती है. ऐसे समय में कई लोग घबरा जाते हैं और जल्दबाजी में ऐसे कदम उठा लेते हैं, जिनसे हादसे का खतरा और बढ़ सकता है. इसलिए जरूरी है कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही तरीके से काम लिया जाए. अगर कार के ब्रेक फेल हो जाएं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर गाड़ी की स्पीड को कंट्रोल किया जा सकता है और खुद के साथ-साथ गाड़ी में बैठे अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है. तो आइए जानते हैं कि कार का ब्रेक फेल हो जाए तो कैसे जान बचाएं जान और कौन से टिप्स बहुत काम आएंगे.
अगर चलते-चलते कार के ब्रेक काम करना बंद कर दें, तो सबसे पहले खुद को शांत रखने की कोशिश करें. घबराहट में लिया गया फैसला स्थिति को और गंभीर बना सकता है. इसलिए संयम बनाए रखें और सोच-समझकर अगला कदम उठाएं.
ब्रेक फेल होने की स्थिति में सबसे पहले कार की हैजर्ड वार्निंग लाइट ऑन कर दें. इससे सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों को पता चल जाएगा कि आपकी गाड़ी में कोई समस्या है. इससे वे सतर्क हो जाएंगे और दुर्घटना का खतरा कम हो सकता है.
अगर कार तेज गियर में चल रही है, तो गियर को एकदम से नहीं बल्कि धीरे-धीरे कम करें. इससे गाड़ी की स्पीड धीरे-धीरे घटेगी और वाहन पर कंट्रोल बनाए रखना आसान होगा. अगर हो तो कार को किसी सुरक्षित और कम नुकसान वाली जगह की ओर ले जाने की कोशिश करें.
ब्रेक फेल होने पर एक हाथ से स्टीयरिंग को मजबूती से पकड़कर गाड़ी की दिशा कंट्रोल रखें. अगर कार में मैकेनिकल हैंडब्रेक है, तो उसके बटन को दबाकर हैंडब्रेक को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें. इसे झटके से पूरी तरह न खींचें, क्योंकि इससे पीछे के पहिए लॉक हो सकते हैं और कार पलटने का खतरा बढ़ सकता है.अगर आपकी कार में इलेक्ट्रॉनिक हैंडब्रेक है, तो उसे लगातार खींचकर रखें. इससे कार को इमरजेंसी की कमांड मिलती है और ब्रेक लगने में मदद मिल सकती है. इसे बार-बार ऑन-ऑफ नहीं करना चाहिए.
ब्रेक फेल होने पर तुरंत कार से कूदना या जानबूझकर किसी खंभे, दीवार या दूसरी वस्तु से गाड़ी टकराना सुरक्षित तरीका नहीं माना जाता. इससे गंभीर चोट लगने या जान का खतरा बढ़ सकता है. पहले गाड़ी की गति कम करने और उसे नियंत्रित करने की कोशिश करें.
जब गाड़ी की स्पीड काफी कम हो जाए, तो उसे ऐसी जगह ले जाने की कोशिश करें जहां ट्रैफिक कम हो और दूसरे वाहनों की आवाजाही भी कम हो. इससे गाड़ी को सुरक्षित तरीके से रोका जा सकता है और हादसे की संभावना भी कम हो जाती है.