Bihar Police Electric Bike: बिहार पुलिस के बेड़े में शामिल होंगी 1100 इलेक्ट्रिक बाइक, जानें खासियत

Bihar Police Electric Bike: बिहार पुलिस अपनी कानून-व्यवस्था और गश्त तरीका को हाईटेक और आधुनिक बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. दरअसल पुलिस में जल्द ही 1,100 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलें शामिल होने जा रही हैं. इसके लिए बिहार पुलिस ने भारत की प्रमुख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर निर्माता कंपनी Revolt Motors को 1,100 Revolt BlazeX बाइक्स की सप्लाई का ऑर्डर दिया है.
बता दें कि कंपनी इन सभी 1,100 इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों की डिलीवरी राजधानी पटना में करेगी. बिहार पुलिस द्वारा इतनी बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों को बेड़े में शामिल करने से न सिर्फ पुलिस अधिकारियों और जवानों को गश्त में आसानी होगी बल्कि पेट्रोल और मेंटेनेंस पर होने वाले भारी-भरकम सरकारी खर्च में भी बड़ी बचत देखने को मिलेगी.
बिहार पुलिस को मिलने वाला Revolt BlazeX मॉडल नए फीचर्स से लोडेड है. इसमें 3.24 kWh क्षमता का IP67 रेटेड NMC लिथियम-आयन बैटरी पैक दिया गया है. जबकि कंपनी का दावा है कि यह बाइक एक बार फुल चार्ज होने पर 150 किलोमीटर तक की बेहतरीन ड्राइविंग रेंज देती है. इसकी टॉप स्पीड 85 किलोमीटर प्रति घंटा है.
जबकि इस बाइक की सबसे बड़ी सहूलियत यह है कि इसे चार्ज करने के लिए किसी बड़े और महंगे इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ती. इसे 10A पावर सॉकेट से भी आसानी से चार्ज किया जा सकता है. रेगुलर चार्जर से यह बैटरी 3.5 घंटे में 0 से 80 फीसदी चार्ज हो जाती है. जबकि फास्ट चार्जर की मदद से इसे महज 80 मिनट में चार्ज किया जा सकता है.
वहीं सेफ्टी और ट्रैकिंग के लिहाज से इसमें इन-बिल्ट GPS सिस्टम दिया गया है. इस जीपीएस ट्रैकिंग फीचर की मदद से पुलिस हेडक्वार्टर और अधिकारी पेट्रोलिंग पर निकली बाइक्स की लाइव लोकेशन को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे. इससे इमरजेंसी स्थिति में नजदीकी पुलिस टीम को तुरंत घटना स्थल पर भेजने और पूरे बेड़े पर नजर रखने में काफी मदद मिलेगी.
इसके अलावा बाइक में रिमूवेबल बैटरी की सुविधा मिलती है. अगर पुलिस स्टेशन में बाइक खड़ी है तो पुलिस बैटरी को निकालकर भी अलग से आसानी से चार्ज कर सकते हैं. सीट के नीचे चार्जर और अन्य जरूरी सामान रखने के लिए पर्याप्त अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है.
बात करें परफॉर्मेंस की तो इसमें 4.1 kW की पीक पावर जनरेट करने वाली मिड-ड्राइव PMSM इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है. तंग गलियों और संकरे रास्तों पर पुलिसकर्मियों को सहूलियत देने के लिए इसमें 3 राइडिंग मोड्स के साथ-साथ रिवर्स मोड का भी विकल्प दिया गया है. रिवर्स मोड की मदद से भारी ट्रैफिक या छोटी जगह में बाइक को आसानी से पीछे मोड़ा जा सकता है.
पेट्रोल वाली मोटरसाइकिलों की तुलना में इस इलेक्ट्रिक बाइक का रनिंग और मेंटेनेंस कॉस्ट न के बराबर आता है. इसमें बार-बार इंजन ऑयल बदलने या इंजन की सर्विस कराने का झंझट नहीं होता. ऐसे में 1,100 बाइक्स का यह बेड़ा लंबे समय में बिहार सरकार के लिए काफी किफायती साबित होगा और पेट्रोल के खर्च में लाखों रुपये की बचत कराएगा.
बिहार पुलिस का यह ऐतिहासिक फैसला देश के बाकी राज्यों के पुलिस बलों, सरकारी विभागों और पब्लिक सेक्टर के उपक्रमों के लिए भी एक मिसाल पेश करेगा. इस बड़े कदम से न सिर्फ पुलिस की गश्त और रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा. बल्कि सरकारी महकमों में ग्रीन मोबिलिटी और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों के इस्तेमाल को भी काफी बढ़ावा मिलेगा.