2026 में धनु राशि के छात्रों को मेहनत का मिलेगा फल, शिक्षा क्षेत्र में खुलेंगे नए अवसर

धनु शिक्षा राशिफल 2026
धनु राशि के जातकों को वर्ष 2026 शिक्षा के क्षेत्र में उनकी मेहनत के अनुरूप फल देगा. पंचमेश मंगल का गोचर साल के अधिकांश समय अनुकूल रहेगा, हालांकि कुछ अवधि थोड़ी कमज़ोर भी रह सकती है. इस दौरान मंगल देव की स्थिति कई बार बेहतर परिणाम दिलाने वाली भी होगी.
02 अप्रैल से 11 मई 2026 तक मंगल आपके चतुर्थ भाव में रहेंगे. यह समय पढ़ाई-लिखाई के लिए कुछ कमज़ोर रहेगा. इसके अतिरिक्त 18 सितंबर से 12 नवंबर 2026 तक मंगल नीच अवस्था में अष्टम भाव में रहेंगे, जो शिक्षा के लिए अच्छा समय नहीं माना जाता.
आपकी राशि के स्वामी और उच्च शिक्षा के कारक ग्रह बृहस्पति जनवरी से 02 जून 2026 तक सप्तम भाव में रहेंगे. इस दौरान उनकी दृष्टि आपके लाभ भाव, प्रथम भाव और तृतीय भाव पर होगी, जिससे बुद्धि में तेज़ी, सोच में सुधार होगी. यह अवधि शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां प्राप्त करने में मदद करेगी.
02 जून से 31 अक्टूबर 2026 तक बृहस्पति उच्च अवस्था में रहेंगे, जो सकारात्मक योग बनाता है. हालांकि अष्टम भाव में उनकी उपस्थिति दर्शाती है कि अच्छे परिणाम पाने के लिए कड़ी मेहनत आवश्यक है. मेहनत में कमी या लापरवाही करने वालों को कमज़ोर परिणाम मिल सकते हैं.
शनि की उपस्थिति के कारण कभी-कभी मन पढ़ाई से भटक सकता है. इसलिए एकाग्रता बनाए रखना आवश्यक होगा. जो छात्र मन लगाकर पढ़ाई करेंगे उन्हें अच्छे परिणाम मिलेंगे. विदेश में पढ़ाई करने या घर से दूर पढ़ने के इच्छुक छात्रों के लिए भी यह वर्ष लाभकारी रहेगा और मनचाहा कॉलेज में एडमिशन मिलने की संभावनाएँ मजबूत रहेंगी.
जो छात्र अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके हैं और नौकरी की तलाश में हैं, उनके लिए भी यह वर्ष शुभ संकेत देता है. पसंदीदा कंपनी में प्लेसमेंट मिलने की संभावनाएँ मौजूद हैं. वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वालों को अधिक मेहनत और धैर्य की आवश्यकता होगी.