वाशिंगटन: अमेरिका में रहने वाले प्रतिष्ठित भारतीय-अमेरिकी अन्य एशियाई-अमेरिकी समुदाय के साथ मिलकर डोनाल्ड ट्रंप के 45वां राष्ट्रपति बनने का जश्न 19 जनवरी को एक समारोह में एक साथ मनाने की तैयारी कर रहे हैं.
यह अपने आप में एक अलग समारोह होगा, जिसमें उन भारतीय-अमेरिकियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्हें ट्रंप ने अपने प्रशासन के शीर्ष पदों पर नामित किया है. इनमें एक प्रमुख नाम दक्षिण कैरोलीना की गवर्नर निकी हेली का है, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत के रूप में नामित किया गया है. यह कैबिनेट रैंक का पद है.
इस समारोह का नाम ‘एशियन पैसिफिक अमेरिकन प्रेजीडेंशियल इनॉगरल गाला 2017’ है और इसका आयोजन ट्रंप-पेंस एशियन पैसिफिक अमेरिकन एडवाइजरी कमेटी (एपीएएसी) और नेशनल कमेटी ऑफ एशियन अमेरिकन रिपब्लिकन्स की ओर से किया जा रहा है. इसके नेतृत्व दल में वर्जीनिया के पुनीत आहलुवालिया, कैलिफोर्निया के केवी कुमार, इलिनोइस के शलभ कुमार और फ्लोरिडा के हैरी वालिया समेत कई शीर्ष भारतीय-अमेरिकी हैं.
इस समारोह के वित्तीय अध्यक्ष पुनीत आहलुवालिया ने कहा, ‘‘एशियन पैसिफिक अमेरिकन गाला एशियाई अमेरिकी समुदायों के बीच हमारे देशों की विविध ताकत और व्यापक बौद्धिक पूंजी को परिभाषित करता है. भारतीय-अमेरिकियों को ‘प्रेजीडेंशियल इनॉगरल’ के जश्न का नेतृत्व करना चाहिए क्योंकि अमेरिका और भारत के मजबूत संबंधों से हमें बहुत लाभ मिल सकता है.’’
पुनीत आहलुवालिया ने कहा, ‘‘हम कई क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहे हैं और अब समय है कि हम मुख्यधारा की राजनीतिक गतिविधियों में भी नेतृत्व करें.’’ इस समारोह का आयोजन 20 जनवरी को ट्रंप के शपथग्रहण की पूर्व संध्या पर मेफ्लावर होटल के ऐतिहासिक बॉलरूम में किया जाएगा.
