नई दिल्लीः स्पेन के बार्सिलोना में आज एक आतंकी हमले में 13 लोगों के मारे जाने की खबर आई है. इस आतंकी हमले में कम से कम 20 लोगों के घायल होने की भी खबरें हैं. समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक आतंकियों ने शहर के सिटी सेंटर इलाके में वैन के जरिए घुसकर लोगों को कुचल डाला. वैन से कुचलने के बाद दो हथियारबंद लोग एक रेस्टोरेंट में घुस गए. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आतंकी ने पहले लोगों पर गाड़ी चढ़ाई और बाद में रेस्टोरेंट में गोलीबारी की. आतंकियों के रेस्तरां में लोगों को बंधक बनाने और गोलीबारी करने की भी खबर है.
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक घटनास्थल को खाली कराया गया जिसके साथ ही कई एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई. कटालान पुलिस ने एक बयान जारी कहा कि बार्सिलोना के लॉस रामब्लास में एक व्यक्ति ने लोगों पर वैन चढ़ा दी. लॉस रामब्लास, स्पेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है और जिस सड़क पर हमला हुआ है वह शहर की सबसे बिजी सड़कों में से है. हालांकि फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. 