वाराणसी में चर्च पर हमला, बिशप ने कार्रवाई के लिए पीएम मोदी को पत्र लिखा
एजेंसी, एबीपी न्यूज़ | 05 Oct 2018 05:15 PM (IST)
उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक चर्च में कथित तौर पर हंगामा करने और उसके प्रवेश द्वार को तोड़ने के लिए 50 से 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक चर्च में कथित तौर पर हंगामा करने और उसके प्रवेश द्वार को तोड़ने के लिए 50 से 60 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. सेंट थॉमस चर्च में हुई इस घटना के बाद नॉर्थ इंडिया चर्च (सीएनआई) के बिशप पीटर बलदेव ने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. दशाश्वमेघ पुलिस थाने के थाना प्रभारी बीके शुक्ला ने कहा, “चर्च में हंगामा मचाने, प्रवेश द्वार तोड़ने और वहां सदस्यों को धमकाने के लिए करीब 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.” उन्होंने कहा कि हम हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा. बिशप बलदेव ने वाराणसी से सांसद पीएम मोदी को एक पत्र लिखकर धार्मिक स्थानों पर हिंसा फैलाने एवं शांत माहौल को खराब करने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है. दरअसल हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने वाराणसी के एक चर्चा में जमकर बवाल किया था. इन लोगों का आरोप था कि यहां गरीब हिन्दुओं का माइंडवॉश करके उन्हें ईसाई बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इन लोगों ने चर्च के पादरी पर धर्मांतरण के भी आरोप लगाए थे.