लखनऊ: बीएसपी और समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है. बीएसपी और समाजवादी पार्टी के एक-एक पूर्व सांसद, एसपी प्रवक्ता, पूर्व विधायक और पूर्व विधान परिषद सदस्य सहित 28 प्रमुख लोग हजारों समर्थकों सहित सोमवार को बीजेपी में शामिल हो गए.
इसपर बीजेपी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 'सबका साथ सबका विकास' के लिए संकल्पबद्ध हैं. गरीब, दलित, पिछड़े, किसानों के सशक्तीकरण के लिए अनेक योजनाएं उन्होंने कार्यान्वित की हैं. इनेस देश की आम जनता का भरोसा बीजेपी में मजबूत हुआ है.
यूपी बीजेपी अध्यक्ष ने उम्मीद जतायी कि आज बीजेपी में शामिल हुए लोग पार्टी को मजबूती प्रदान करने की दिशा में काम करेंगे. बीजेपी की सदस्यता लेने वाले प्रमुख लोगों में मिश्रिख के पूर्व सांसद अशोक रावत, हरदोई के पूर्व सांसद जय प्रकाश रावत, पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश उर्फ जिप्पी तिवारी, पूर्व एमएलसी हीरा ठाकुर, प्रवक्ता सपा संजीव मिश्रा शामिल हैं.