नई दिल्ली: बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने सोमवार को लालू यादव के दोनों बेटों पर गंभीर आरोप लगाए थे. अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा था कि लड़कियों पर लड़कियों पर फब्तियां कसने और उनसे छेड़छाड़ करने के चलते अज्ञात लोगों ने लालू प्रसाद के दोनों बेटों पर हमला कर दिया था. अब इस पर लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पलटवार किया है.

तेजस्वी यादव ने सुशील मोदी को जवाब देते हुए कहा कि जिस घटना का आप ज़िक्र कर रहे है उस वक़्त आपके केंद्रीय मंत्री श्री रामकृपाल जी के सुपुत्र मेरे साथ थे. उनसे सच्चाई पूछ लें. तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ''आपकी आंखों का पानी मर चुका है. आपकी बेशर्मी पर शर्म को भी शर्म आ जाए. जिस घटना का आप ज़िक्र कर रहे है ना उस वक़्त आपके केंद्रीय मंत्री श्री रामकृपाल जी के सुपुत्र मेरे साथ थे. सच्चाई उनसे पूछ लेना.''

इतना ही नहीं सुशील मोदी ने यह भी कहा था कि '' उस समय दोनों भाइयों का बचाव करने वाले निजी सुरक्षा अधिकारी की सर्विस रिवाल्वर गायब हो गई थी. परिवारवादी पार्टी ने 9 साल बाद दोनों को नेता मान लिया. सीनियर नेता किनारे लगा दिये गए. छेड़खानी की घटना में जिनके नाम आये, वे बालिकाओं के हमदर्द होने की नौटंकी कर रहे हैं.''