पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 22 जुलाई को आसमान से गिरे रहस्यमयी पत्थर का अवलोकन किया. इसे संभावित उल्का पिंड 22 जुलाई को मधुबनी के लौकही अंचल के महादेवा में मिला था. जब यह पत्थर आसमान से गिरा तो लोगों में सनसनी मच गई थी. जब गांव के लोगों ने इसका वजन किया तो ये करीब 15 किलो का था.
सोमवार की इस घटना के बाद में लोग भयभीत हो गए थे. उन्हें ये अंदेशा था कि कहीं इस तरह का और पत्थर आसमान से न गिर जाए. इस पत्थर में चुंबक चिपक जाता है. इसके बाद जिला पदाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने कहा था कि संभवत: ये एक उल्का पिंड है.
इसका ही आज मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया. अवलोकन करने के बाद संभावित उल्का पिंड का अध्ययन कराने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही लोगों को देखने के लिए इसे फिलहाल बिहार म्यूजियम में रखा जाएगा. बाद में इसे साइंस म्यूजियम में ट्रांसफर कर दिया जाएगा. इस दौरान अवसर पर मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, प्रधान सचिव विज्ञान एवें प्रावैधिकी हरजो कौर, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह और अपर सचिव मुख्य़मंत्री सचिवालय चंद्रशेखर सिंह भी मौजूद थे.