नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक बार फिर नीतीश सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है. लोकसभा में आरजेडी सांसद जयप्रकाश यादव के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और वहां के कलेक्टर जमीन अधिग्रहण करने में देरी करते हैं. गडकरी ने दो टूक कहा कि जबतक सरकार किसी प्रोजेक्ट के लिए कम से कम 80 फीसदी ज़मीन अधिगृहित करके नहीं देते, वहां काम शुरू नहीं होगा.

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक सवाल पर जवाब के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ABP न्यूज़ के कार्यक्रम का जिक्र किया. उन्होंने अकोला, वाशिम, बुलढाणा में नदी संरक्षण पर प्रसारित ABP न्यूज़ के प्रोग्राम का ज़िक्र किया.

इससे पहले भी गडकरी ने साधा था निशाना

इससे पहले भी गडकरी ने कहा था कि बिहार में 2 लाख करोड़ की परियोजनाएं शुरू करना चाहते हैं लेकिन बिहार में जमीन अधिग्रहण नहीं हो पा रहा है. सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था, 'मैं बिहार सरकार पर कोई राजनीतिक टिप्पणी नहीं कर रहा हूं. मैं बिहार को मदद करना चाहता हूं, बिहार में दो लाख करोड़ के काम करना चाहता हूं. लेकिन अगर जमीन अधिग्रहण नहीं होगा, परमीशन नहीं मिलेगी, तो मैं काम नहीं कर पाऊंगा. इसलिए बिहार के प्रति प्रेम के कारण मैं कह रहा हूं कि बिहार सरकार इस पर ध्यान दे. अभी अच्छी बात ये हुई है कि हामरे एनएचआई के जो येरमैन थे वो बिहार के मुख्यसचिव बने हैं, उन्होंने रिव्यू रखा है जिससे समस्या जरूर हल होगी.'' हालांकि इस दौरान गडकरी पूरी तरह बिहार सरकार को लेकर बचाव की मुद्रा में दिखे.