नोएडा: एनकाउंटर्स पर यूपी सरकार और यूपी पुलिस लगातार घिरी हुई हैं लेकिन फिर भी प्रदेश में मुठभेड़ों का सिलसिला जारी है. पुलिस बदमाशों पर सख्त है और रोजाना मुठभेड़ के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला नोएडा का है जहां दो बदमाशों को गोली लगी है.

बुधवार की देर रात थाना सेक्टर-39 पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों को लगी है.

पुलिस उपाधीक्षक नगर पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि रात 10 बजे के करीब थाना सेक्टर-39 पुलिस हाजीपुर कट के पास चेकिंग कर रही थी. तभी बाइक पर सवार होकर तीन युवक आते हुए दिखे. पुलिस ने जब उन्हें चेकिंग के लिए रोका तो उन्होंने पुलिस पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई.

सीओ ने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अंकित पुत्र प्रेम सिंह निवासी हसनपुर जनपद अमरोहा एवं रंजीत पुत्र सुरेश निवासी करणपुर थाना हसनपुर जनपद अमरोहा को लगी है. दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार व मोटरसाइकिल बरामद की है. इनका एक साथी फरार है.