कटिहार: बिहार में बाढ़ से आम लोग बुरी तरह प्रभावित हैं. सरकार दावा कर रही है कि राहत और बचाव कार्य पूरी मुस्तैदी के साथ किया जा रहा है और लोगों को हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है. लेकिन कटिहार से एक ऐसी खबर सामने आई है तो सरकार के इन तमाम दावों का पोल खोल रही है. कटिहार के कदवा प्रखंड के डांगी टोला गांव में बाढ़ पीड़ित चूहा खाने पर मजूबर हैं. घरबार बाढ़ में बह गया है ऐसे में यहां इस टोले में रहने वाले 300 परिवार चूहा खाने को मजबूर हैं.
इसको लेकर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा. राबड़ी देवी ने ट्वीट किया, ''नीतीश जी, प्रवचन मत देना कि बुखार, लू, गर्मी और सुखाड़ की तरह बाढ़ में भी प्रकृति का दोष है. बचाव व राहत कार्य भी अगर प्रकृति ने ही करना है तो आप और आपके मंत्री क्या भजन-कीर्तन करने बैठे है? सरकार के निक्कमेपन के चलते बाढ़ पीड़ित चूहा खाने को मजबूर है। शर्म तो नहीं आ रही होगी?''
वहीं यहां के स्थानीय विधायक शकील अहमद ने भी इसको लेकर प्रशासन व्यवस्था पर निशाना साधा. उन्होंने इसे इंसानियत के लिए शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए कहा कि बाढ़ पूर्व की तैयारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह से फेल है. उन्होंने मांग की कि कदवा को बाढ़ ग्रसित क्षेत्र घोषिक किया जाए.
यह भी देखें
