पटना: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने कोरोना वायरस के सन्दिग्ध मरीजों की जांच के बाद प्रेस में डाटा रिलीज किया. 25 मार्च तक 275 संदिग्ध मरीजों के सैंपल की जांच हुई. इसमें 4 मरीज़ पॉजिटिव यानी उनमें कोरोना वायरस से संक्रमित मिले. एक का सैंपल रिपोर्ट आना बाकी है. दो के सैंपल किन्हीं कारणों से रद्द कर दिए गए. बता दें कि बिहार में एक मरीज की कोरोना वायरस से मौत भी हो चुकी है.
मीडिया में जारी डाटा के मुताबिक 14 दिन के ऑब्जॉर्बशन में रखे गए यात्रियों की संख्या 162 है. बिहार में नेपाल से सटे इलाकों की संख्या सात है. नेपाल से सटे ब्लॉक की संख्या 30 है. नेपाल से सटे इलाके में 385332 संदिग्धों की जांच हुई है. नेपाल से सटे गांव की संख्या 6364 है. बिहार के गया एयरपोर्ट पर 20339 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है. वहीं पटना एयरपोर्ट पर 1299 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है. कुल 21620 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है.
लॉकडाउन के बीच बिहार सरकार ने किया ये एलान
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि राज्य सरकार ने राशन कार्डधारी हर परिवार को एक हजार रुपये देने का एलान किया है. इससे पहले बिहार सरकार ने एलान किया था कि राज्य के सभी राशन कार्डधारियों को एक महीने का राशन मुफ्त में दिया जाएगा. सभी प्रकार के पेंशनधारियों (मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन) को अगले तीन महीने की पेंशन एडवांस तौर पर तत्काल दी जाएगी. यह राशि उनके खाते में सीधे ट्रांसफर की जाएगी.
