पटना: लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखकर सरकार की जिम्मेदारियों का एहसास दिलाया. चिराग ने ना सिर्फ खामियां गिनाई बल्कि उन्हें दूर करने के लिए गुहार भी लगाई. चिराग ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि उन्होंने प्रवासी बिहारियों के लिए रेल मंत्री से ट्रेन की सुविधा देने के लिए बात की.
चिराग पासवान ने कहा कि रेल मंत्री पीयूष गोयल से फोन पर बात कर दूसरे राज्यों में फंसे बिहारियों को बिहार लाने के लिए ट्रेन उपलब्ध करवाने पर बात की है. साथ ही बिहार के मुख्य मंत्री को पत्र लिख कर नसीहत दी कि मुसीबत की घड़ी में बिहार सरकार की जिम्मेदारी बनती है प्रदेश के बाहर फंसे बिहारियों के लिए प्रदेश सरकार सहारा बने.
पैदल चलने को मजदूर अब भी मजबूर क्यों?
चिराग पासवान ने कहा कि बाहर फंसे लोगों को जल्द से जल्द वापस लाया जाए और अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों से बात कर बिहार के निवासियों के रहने और खाने पीने की सुविधा का इंतजाम बिहार सरकार करे. सीएम नीतीश कुमार को लिखे पत्र में चिराग ने बताया कि दूसरे राज्यों में फंसें लोगों की स्तिथि बेहद दर्दनाक है. बिना साधन के लोग पैदल आने पर मजबूर हैं. जिससे उनकी जांच भी नहीं हो पा रही है जो एक और बड़ा खतरा है.
रजिस्ट्रेशन में हो रही परेशानी
चिराग पासवान ने कहा कि बाहर फंसे हुए कई लाख लोगों का पंजीकरण यानि रजिस्ट्रेशन किया गया है. उसकी सूची सरकार केंद्र सरकार से साझा करे ताकि ट्रेन की उपलब्धता रेल विभाग करवा सके. चिराग ने पत्र में लिखा कि पंजीकरण करवाने में भी समस्या हो रही है. जो नम्बर बिहार सरकार ने प्रवासियों के लिए जारी किए थे लगभग सभी नम्बर पर बात नहीं हो पाती है. पंजीकरण की दूसरी प्रकिया मजदूरों को ऑनलाइन फॉर्म भरना है.
आगे उन्होंने कहा कि उसमें कई लाख मजदूर ऐसे हैं जिनके पास ना स्मार्टफोन है और ना ही वह शिक्षित हैं. तीसरी प्रक्रिया के तहत स्थानीय नोडल अफसर से या पुलिस थाने जाकर पंजीकरण करवाने की है लेकिन उसमें भी प्रवासियों को घर से वहां तक जाने की इजाजत नहीं है.जिससे उनको पुलिस की लाठी का सामना करना पड़ता है. चिराग ने कहा की जिन लोगों का पंजीकरण इन समस्याओं के बावजूद हो गया है उनको वापस लाया जाए.
ये भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर: कोरोना संक्रमितों की हो रही है बढ़ोतरी, आंकड़ा 800 के पार पहुंचा
बिहार: नीरज सिंह ने तेजस्वी पर साधा निशाना, कहा- 'भ्रष्टाचार का राजकुमार'
